लखीमपुर-खीरी: सड़क चौड़ीकरण की उम्मीदों को लगा झटका, वन विभाग ने एनओसी समेत पेड़ों को लेकर जताई आपत्ति
DEMO IMAGE
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः शहर में एलआरपी चौराहे से महेवागंज में इंदिरा मनोरंजन वन पार्क तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ होने के साथ ही ठप हो गया है। वन विभाग की आपत्ति के बाद कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक ने निर्माण कार्य बंद कर दिया है, क्योंकि सड़क की जद में आ रहे वन विभाग के पेड़ों का कटान नहीं हुआ है। इसके अलावा पेयजल पाइप लाइन और बिजली लाइन की शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिससे निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ होने में देरी हो सकती है।
बता दें कि एलआरपी चौराहे से इंदिरा मनोरंजन पार्क तक सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जानी है। यह मार्ग एलआरपी चौराहे से ओवरब्रिज, संकटा देवी चौराहा से मेला मैदान होते हुए महेवागंज में शारदानगर रोड पर इंदिरा मनोरंजन पार्क तक जाता है।
बताते चलें कि पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने 12 जनवरी 2024 को लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में कार्यदाई संस्था को इस मार्ग पर निर्माण कार्य 15 जनवरी से प्रारंभ करके एक साल में पूरा कराने के निर्देश दिए थे, जिस पर अभियंता ने भी हामी भरी थी।
इसके बाद कार्यदाई संस्था ने 15 जनवरी के बाद इंदिरा मनोरंजन पार्क की ओर से निर्माण कार्य प्रारंभ किया, तो वन विभाग ने एनओसी सहित पेड़ों को लेकर आपत्ति जताई। इस पर कार्यदाई संस्था ने कार्य रोक दिया है। कई दिनों से कार्य बंद होने के कारण निर्धारित समय में कार्य पूरा होने की उम्मीदों को झटका लगा है।
अधिशाषी अभियंता कौशल कुमार झा ने बताया कि इंदिरा मनोरंजन पार्क की ओर से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था, लेकिन वन विभाग की आपत्ति के बाद कार्य रोकना पड़ा था। अब वन विभाग की आपत्तियों का निस्तारण कराया जा रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: अब बेहजम-कैमासुर संपर्क मार्ग निर्माण के 15 दिन बाद ही उखड़ा, वीडियो वायरल होने के बाद मची खलबली
