Chitrakoot में NDA की बंपर जीत को लेकर आश्वस्त दिखे आशीष पटेल, बोले- विपक्षियों की अपनी ढपली और अपना राग
चित्रकूट में एनडीए की बंपर जीत को लेकर आश्वस्त दिखे आशीष पटेल।
चित्रकूट में आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत को लेकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल आश्वस्त नजर आए।
चित्रकूट, अमृत विचारl आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत को लेकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल आश्वस्त नजर आए। बीते दिन चित्रकूट आए अभियंता से नेता बने आशीष की बाडी लैंग्वेज इस बात का प्रमाण थी कि उनको इस बार भी प्रदेश में मांग के मुताबिक गठबंधन से सीटें मिलेंगी।
आशीष ने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने बताया कि पार्टी का संगठनात्मक स्वरूप सुदृढ़ किया जा रहा हैl कहा कि प्रचंड बहुमत से एकबार फिर भाजपा की अगुवाई में गठबंधन की सरकार बनेगी और लोकसभा सीटें चार सौ पार होंगीl उन्होंने कार्यकर्ताओं को कमर कसने और लोकसभा में एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के निर्देश दिए।
भाजपा से अपने रिश्ते को अटूट गठबंधन की संज्ञा दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी तंज कसा कि सपा धोखेबाज पार्टी हैl आरोप लगाया कि 2002 में अपना दल के तीन विधायकों को सपा ने तोड़ा थाl उन्होंने यह भी दावा किया कि 1989 में बेनी प्रसाद वर्मा का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय था लेकिन सपा के विश्वासघात के चलते ऐसा नहीं हो पाया।
इंडिया गठबंधन को भी युवा नेता ने आड़े हाथों लिया और इसे बेमेल आईएनडीआईए गठबंधन कहा। कटाक्ष किया कि सभी दलों की अपनी ढपली और अपना राग हैl विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिलाध्यक्ष रामसिया पटेल, जब्बर सिंह, नाथूराम सिंह पटेल, विष्णु प्रताप सिंह पटेल, बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह आदि इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे।
जिले में पार्टी को देना चाहते मजबूती
आशीष पटेल ने जिस तरह से डाक बंगले में पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक की। उससे यह साफ हुआ कि वह अपने गृहजनपद में पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करना चाहते हैं। उन्होने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए। बोले, चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। रोज नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की जरूरत हैl निर्देश दिए कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने घरों में पार्टी का झंडा अवश्य लगाएंl
