प्रयागराज: सड़क चौड़ीकरण के विरोध में नए पुल मार्ग पर लोगों ने किया चक्काजाम
नैनी, प्रयागराज। नए पुल के मार्ग पर बुधवार दोपहर सड़क चौड़ीकरण के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने चक्काजाम किया। इससे वहां वाहनों की कतार लग गई। काफी प्रयास के बाद लोगों को शांत कराकर वहां से हटाया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बता दें कि कुंभ को लेकर प्रयागराज में काफी कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण कार्य भी प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण की जद में बड़ी संख्या में भवन आ रहे हैं, जिनको तोड़ा जा रहा है। इसी को लेकर तमाम स्थानों पर विरोध किया जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में कीडगंज, नैनी और कबाड़ी मार्केट के लोगों ने नए यमुना पुल की सड़क जाम कर दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार लोगों को समझाकर हटाया।
