बरेली: सेलेक्शन प्वाइंट टॉवर के पास युवक को सरेशाम गोली मारी, लेनदेन का था विवाद
पेट में लगी गोली, जिला अस्पताल में भर्ती घायल खतरे से बाहर
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर इलाके में सेलेक्शन प्वाइंट के पास लेनदेन के विवाद में हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में जा लगी। मौके पर सीओ संदीप कुमार समेत थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इज्जतनगर के तुलाशेरपुर इलाके में रहने वाले मिथुन सागर ने बताया कि अपने ही क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर से उसने 10 हजार रुपये उधार लिए थे जिसे काफी समय बाद भी दे नहीं पाया था। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने उसे बुधवार शाम छह बजे सेलेक्शन प्वाइंट के पास बुलाया था। यहां हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने उसके साथ गालीगलौज की और फिर उस पर गोली चला दी जो उसके पेट में जा घुसी। खून से लथपथ होने के बाद उसे उसके दोस्तों ने बारादरी इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना की पुष्टि की जा सके।
पहले मामला संदिग्ध बताया, फिर कहा- आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करेंगे
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। एक केस में जल्द ही गोली मारने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर का बयान होना है। लग रहा है कि इसी कारण यह साजिश रची गई है। पुलिस ने बताया कि जो फुटेज मिली है, उससे भी घायल मिथुन का दावा संदिग्ध लग रहा है। हालांकि, देर रात इंस्पेक्टर प्रेमनगर ने बताया कि आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लेनदेन के विवाद में युवक को गोली मारी गई है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अभी घायल की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी ।
ये भी पढे़ं- बरेली: महीने के अंतिम दिन चला अभियान, 200 कनेक्शन काटकर वसूले 20 लाख
