Kanpur: सिकंदरा-चौडगरा हाईवे को फोर लेन बनाने की कवायद तेज; जाम से मिलेगा निजात, वाहन चालकों को मिलेगा लाभ...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिकंदरा-चौडगरा हाईवे को फोर लेन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है।

सिकंदरा-चौडगरा हाईवे को फोर लेन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। फोर लेन बनने के बाद एक तरफ जहां आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगा वहीं वाहन चालकों को भी लाभ मिलेगा।

कानपुर, अमृत विचार। सिकंदरा से भोगनीपुर होते हुए घाटमपुर से चौडगरा तक स्टेट हाईवे को फोर लेन बनाने के लिए कवायद तेज हो गई है। उप्र राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए कंसलटेंट के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंसलटेंट नामित करने के लिए 15 फरवरी को टेंडर डाले जाएंगे जबकि तकनीकी बिड 16 फरवरी को खोली जाएगी। इनमें जो कंपनियां मानक पर खरी उतरेंगी उनमें से ही वित्तीय बिड आधार पर किसी एक का चयन किया जाएगा।  

पहले भोगनीपुर- घाटमपुर से चौडगरा तक इस मार्ग को चार लेन किया जाना था। तब लागत 1136.44 करोड़ रुपये थी, लेकिन अब सड़क की लंबाई बढ़ गई है ऐसे में लागत तो बढ़ेगी ही, सिकंदरा से भोगनीपुर के बीच भूमि अधिग्रहण भी करना होगा। कंसलटेंट ही किसानों को चिह्नित करेगा, मुआवजा कितना बनेगा यह देखेगा और उसी आधार पर डीपीआर तैयार करेगा। विद्युत विभाग, दूर संचार विभाग व अन्य विभागों से भी यूटिलिट शिफ्टिंग में आने वाले खर्च के आधार पर एस्टीमेट मांगा जाएगा। ताकि उसे भी डीपीआर में शामिल किया जा सके।

स्टेट हाईवे प्राधिकरण ने प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप मॉडल पर इस मार्ग को टू लेन से फोर लेन करने का निर्णय लिया है। डिजाइन विल्ड फाइनेंस आपरेट एंड ट्रांसफर मोड के तहत निर्माण एजेंसी को इस ही प्रोजेक्ट पर पूरी धनराशि खर्च करनी है और वह लागत और मुनाफा की वसूली टोल टैक्स के माध्यम से करेगी। पूर्व में इसे भोगनीपुर से घाटमपुर होते हुए चौडगरा तक बनाया जाना था।

लेकिन जिस कंपनी का चयन हुआ था उसने यह कहते हुए कदम वापस खींच लिया था कि लागत अधिक है और उसे घाटा होगा। हालांकि कंपनी ने बहुत ही बिलो टेंडर डाला था। ऐसे में उसकी धरोहर राशि भी जब्त कर ली गई थी। सांसद देवेंद्र सिंह भोले की पहल पर तय हुआ कि अब इसका चौड़ीकरण सिकंदरा से किया जाएगा। यही वजह है कि प्राधिकरण ने पुन: कंसलटेंट नामित करने की प्रक्रिया शुरू की है। 

भोगनीपुर, घाटमपुर और चौडगरा रेलवे रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनेगा। घाटमपुर में 4.6 किलोमीटर लंबा एक बाईपास बनाया जाएगा। भोगनीपुर से चौडगरा तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। अब भोगनीपुर से सिकंदरा के बीच भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ेगी। पहले 82.53 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का चौड़ीकरण होना था अब लंबाई 27 किलोमीटर और बढ़ जाएगी। भूमि अधिग्रहण पर तीन सौ करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा चुका है।

वाहन चालकों को होगा लाभ

इसके बन जाने से कई बड़े लाभ होंगे। झांसी और इटावा की ओर से आने वाले वाहन जिन्हें प्रयागराज की चौडगरा की ओर जाना होता है उन्हें अभी फतेहपुर के रास्ते जाना होता है। इससे उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जबकि सिकंदरा से भोगनीपुर होते हुए चौडगरा जाने के लिए टू लेन मार्ग है। इस मार्ग पर यातायात के दबाव के कारण जाम भी लगता है और सड़क आए दिन टूटती है। इस समस्या के समाधान के लिए ही तीन साल पहले भोगनीपुर से घाटमपुर होते हुए चौडगरा तक स्टेट हाईवे को फोर लेन बनाने की योजना बनी थी।

नंबर गेम

15 फरवरी को डाले जाएंगे टेंडर

27 किमी दूरी बढ़ेगी हाईवे की

82.53 किमी का पहले बनना था

4.6  किमी लंबा बाईपास बनेगा घाटमपुर

यह भी पढ़ें-  Kanpur: नगर निगम नए सिरे से करेगा पार्किंग एलॉट; शुरू किया सर्वे, मिलेगी टायलेट व पानी की व्यवस्था...

 

संबंधित समाचार