Etawah: पत्नी बनने से किया इंकार तो देवर ने भाभी पर कुल्हाड़ी से किया वार; मौत, आरोपी मौके से फरार...
इटावा में देवर ने महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी।
मामला ऊसराहार थाना क्षेत्र के कुइता सरैया गांव का है, जहां निवासिनी मोहिनी देवी (30) पत्नी प्रदीप कुमार को उनके सगे देवर रवि कुमार ने बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े तीन बजे घर पर अकेली पाकर निर्ममता से हत्या कर दी।
इटावा, अमृत विचार। मामला ऊसराहार थाना क्षेत्र के कुइता सरैया गांव का है, जहां निवासिनी मोहिनी देवी (30) पत्नी प्रदीप कुमार को उनके सगे देवर रवि कुमार ने बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े तीन बजे घर पर अकेली पाकर निर्ममता से हत्या कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन खून से लथपथ महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले गये, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना ऊसराहार पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बताते चलें प्रदीप कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर का है, जिसकी शादी वर्ष 2014 में गांव बजैढी थाना सौरिख में मोहिनी देवी से हुई थी। जिससे उसके एक बेटा और एक बेटी है। छोटे भाई रवि कुमार की शादी वर्ष 2020 में घाटमपुर के पास एक गांव से हुई थी। जिसे उसने शादी के छः माह बाद छोड़ दिया। वह अपनी भाभी मोहिनी से भाई को छोडने के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जो अपने पति को छोड़ने से लगातार इनकार कर रही थी।
कुछ माह पहले रवि ने घर में भाभी को अकेली पाकर उनके साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत उसने अपने पति प्रदीप से की थी। जिस पर प्रदीप ने अपने भाई रवि को चेतावनी देकर छोड दिया था। बृहस्पतिवार को ससुर अतर सिंह व सास गिरजा देवी गांव के बाहर सड़क पर किराने की दुकान पर गए थे।
पति व जेठ गौरव दुकान पर थे और सबसे छोटा देवर अनुज भी कहीं गया था। वहीं जिठानी पूजा दवा खाकर घर में कमरे में सो रही थी। तभी आरोपी ने अकेला पाकर भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और हत्या करके फरार हो गया। घटना की सूचना पर सीओ भरथना विवेक जावला घटनास्थल पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ऊसराहार हेमंत कुमार सोलंकी ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पंचायतनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा।
