प्रदेश में दिन में सबसे ठंडी रही बरेली, 4 और 5 को भी होगी बारिश
बरेली, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार दोपहर तक जारी रही। मौसम विभाग ने 3 से 5 फरवरी को भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जिले में 14.7 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जो सामान्य 0.8 मिमी से 1742 फीसदी अधिक है।
बहेड़ी, नवाबगंज और फरीदपुर में करीब 20 मिमी और शहर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसकी वजह से दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 13 डिग्री सेल्सियस रहा। 1 जनवरी से 1 फरवरी तक सामान्य 16.8 से 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 3 फरवरी से 5 फरवरी तक जिले में फिर बारिश के आसार हैं।
वर्तमान सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्य क्षोभमंडलीय पछुवा हवाओं की निम्न क्षोभमंडलीय पुरवा हवाओं के साथ संभावित प्रतिक्रिया के दृष्टिगत 31 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान जिले में तेज झोंकेदार हवाओं 30-40 किमी प्रति घंटा के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
2 फरवरी को इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के कारण आगामी 48 घंटों के दौरान सतही स्तर पर हवाओं का रुख दोबारा पछुवा हो जाने और रात में विकिरणीय शीतलन बढ़ने से न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी गिरावट होगी। इसके बाद अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3-5 फरवरी के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: पूंजीपतियों पर फोकस... मध्यवर्ग को नहीं भाया बजट
