संभल: कुत्तों ने किया हमला तो नीलगाय ने सैलून में घुसकर बचाई जान, ग्राहक और संचालक भागे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल,अमृत विचार। आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर लहूलुहान कर दिया तो जान बचाने के लिए नीलगाय सैलून की दुकान में घुस गई। नील गाय को देख ग्राहक व संचालक भाग खड़े हुए। काफी प्रयास किया लेकिन नीलगाय बाहर नहीं आई। 112 पुलिस टीम व ग्रामीणों ने किसी तरह नीलगाय को बाहर निकाला।

असमोली थाना क्षेत्र के शहबाजपुर कला में  जंगल में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नील गाय को घेर कर बुरी तरह से घायल कर दिया। जान बचाने के लिए नीलगाय घायल अवस्था में भागते हुए गांव की आबादी में आ गई। कुत्ते भी नीलगाय का पीछा करते हुए गांव तक आ गये। बदहवाश नीलगाय अड्डे पर दानिश हेयर सैलून की दुकान में घुस गई।

नीलगाय को घुसा देख अंदर बाल कटिंग करा रहे ग्राहक भाग खड़े हुए। वहीं सैलून संचालक भी बाहर आ गया। ग्रामीणों व दुकानदारों ने दुकान में बैठी घायल नीलगाय को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन डरी हुई नीलगाय दुकान से बाहर नहीं निकली।

 इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से नीलगाय को दुकान से बाहर निकालने के प्रयास शुरु किये। आधे घंटे तक मशक्कत के बाद नीलगाय को किसी तरह बाहर निकालकर पुलिस ने  सकुशल जंगल में  पहुंचाया। नीलगाय चली गई तो लोगों ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें:- संभल: 94 साल के डॉ. बर्क फिर उतरेंगे चुनावी मैदान में, सपा ने बनाया उम्मीदवार

संबंधित समाचार