रामपुर: मामूली बात को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग से गूंजा पटवाई क्षेत्र
रामपुर,अमृत विचार। पटवाई में रंजिश के चलते एक पक्ष ने गोली चला दी। जिसमें एक ग्रामीण घायल हो गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों पर जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव मथुरापुर कला निवासी पवन कुमार का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ घर पर करीब नौ बजे मौजूद था। तभी गांव का ही सोनू अपने साथियों के साथ घूर में घुस गया। उसके बाद परिजनों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान जब परिजनों ने विरोध किया,तो आरोपी सोनू ने तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से उसके ताऊ रमेश घायल हो गए।
जबकि मारपीट में रैश,जयलाल और आरती घायल हो गई।उसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चारों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद पुलिस भी आ गई थी। इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोनू,बब्लू, राजेंद्र और मुकेश के खिलाफ जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पहले भी दोनों पक्ष आ चुके हैं आमने-सामने
काफी समय से दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा है। इससे पहले भी दोनो पक्षों के लोग आमने-सामने आ चुके हैं,लेकिन गांव के लोग बीच बचाव करा दिया करते थे। ऐसा माना जा रहा है कि सोनू गांव में दुकान चलाता है।कुछ दिन पहले पवन के परिवार का कोई व्यक्ति सामान लेने गया था। उसी दिन किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस दिन भी लोगों ने मामले को शांत करा दिया था,लेकिन अब सोनू अपने साथियों के साथ उसके घर में घुसकर बवाल कर दिया।
गोली चलने के बाद मची अफरा-तफरी
ऐसा माना जा रहा है कि पीड़ित पक्ष का घर शाहबाद पटवाई रोड पर किनारे बना है। शुक्रवार सुबह को हुई मारपीट उसके बाद फायरिंग होने के दौरान आसपास बैठे लोग मौके से भाग गए। इतना ही नही रास्ते से गुजरने वाले राहगीर तक मौके रुक गए,तो काफी लंबा जाम लग गया था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस आ गई। जिसके बाद आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा था।
रंजिश के चलते युवक ने एक ग्रामीण को गोली मारकर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। - अजय पाल शर्मा,पटवाई एसओ
ये भी पढ़ें:- रामपुर: लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा अंतरिम बजट, जानिए क्या बोले?
