बहराइच: वैष्णो देवी के दर्शन को गया था परिवार, चोरों ने घर से उड़ाया नकदी समेत 10 लाख का माल
नानपारा सीओ के फालोवर के घर में हुई चोरी, रात में घर पहुंचने पर हुई जानकारी
बहराइच, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला बशीरगंज निवासी नानपारा सीओ के फालोवर परिवार समेत जम्मू माता वैष्णो देवी के दर्शन को गए थे। यहां मकान में नकदी समेत 10 लाख की चोरी हो गई। शुक्रवार को घर पहुंचे लोगों को जानकारी हुई तो पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला बशीरगंज निवासी राजू सिंह पुत्र देवी प्रसाद पुलिस विभाग में फालोवर हैं। उनकी तैनाती इस समय नानपारा सीओ के यहां है। राजू सिंह ने बताया कि वह 20 दिन का अवकाश लेकर जम्मू कश्मीर में माता वैष्णो देवी के दर्शन को गए थे।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह परिवार के समेत वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर अन्य कमरे के ताले टूटे मिले। फालोवर ने बताया कि 60 हजार रूपये नकदी, सात लाख मूल्य के सोने चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान की चोरी हुई। लगभग 10 लाख की चोरी हुई है।
पीड़ित की सूचना पर चौकी बशीरगंज और कोतवाली नगर की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। सीओ सिटी राजीव सिसोदिया ने बताया कि कोतवाल के द्वारा घटना की जानकारी मिली है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
