बदायूं: जूनियर डिवीजन की सिविल जज का फंदे पर मिला शव, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुबह आवास पर कर्मचारियों ने देखा शव तो जज और पुलिस को दी सूचना

बदायूं, अमृत विचार। जज कॉलोनी में सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। कमरे से डायरी में रखा एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उन्होंने अपने तनाव में रहने और किसी को भी अपनी मौत का जिम्मेदार नहीं बताया है। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। सूचना मिलने पर परिजन शाम के समय पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना को लेकर अभी पुलिस ने ज्यादा स्पष्ट नहीं किया है।

मूलरूप से जिला मऊ की तहसील घोसी क्षेत्र के गांव तराई डीह निवासी ज्योत्सना राय (29) अविवाहित थीं। 29 अप्रैल 2023 को उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया था। 18 नवंबर 2023 को सिविल जज जूनियर डिवीजन पद पर कार्य शुरू किया था। शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे उनका अर्दली कोर्ट ले जाने के लिए जज कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंचा। दरवाजा खटखटाया। भीतर से कोई आवाज नहीं आई। तो उन्होंने महिला जज को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अर्दली ने कोर्ट के कर्मचारियों और पुलिस को अवगत कराया। 

कुछ ही देर के बाद सदर कोतवाल बिजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में महिला जज का शव पंखे पर लटका मिला। जनपद न्यायाधीश पंकज अग्रवाल, जिलाधिकारी मनोज कुमार, एसएसपी आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी अमित कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी आलेक मिश्रा मौके पर पहुंचे। महिला जज की साथी न्यायायिक अधिकारी और सैकड़ों अधिवक्ता जज कॉलोनी पहुंचे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। वीडियोग्राफी हुई। महिला जज के कमरे में रखी डायरी से लाल पेन से लिखा सुसाइड नोट मिला। जिसमें उन्होंने अपने अवसाद में होने, तनाव की बात लिखी। उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं बताया। 

सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जजी कंपाउंड में महिला जज दरवाजा नहीं खोल रही थीं। वह समय से अपने कोर्ट में नहीं पहुंचीं थीं। उनके साथी न्यायायिक अधिकारी ने फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोला गया। पंखे पर महिला जज का शव लटका मिला। उनके डाक्यूमेंट मिले थे। उनमें कुछ चीजें मिली हैं जो घटनाक्रम पर प्रकाश डालती हैं। जांच की जा रही है। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे। पुलिस कार्रवाई करेगी।- आलोक प्रियदर्शी, एसएसपी

 


 
ये भी पढ़ें- बदायूं: बाट माप विभाग ने दुकानों पर पकड़ी घटतौली, किया चालान

संबंधित समाचार