Unnao: सात दिनों से फंदे पर लटका रहा शव... दुर्गंध आने पर लोगों ने दी पुलिस को सूचना, पत्नी छोड़ कर चली गई थी
उन्नाव के आदर्श नगर में सात दिनों से फांसी के फंदे पर लटका मिला शव।
उन्नाव के आदर्श नगर में सात दिनों से फांसी के फंदे पर लटका मिला शव। दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डॉग स्क्वायड और फाेरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले में किराये में रहने वाले एक युवक का कई दिन पुराना शव शनिवार को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। दुर्गंध आने पर आस पास के लोगों को शंका हुई। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकला। वहीं डॉग स्क्वायड और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जहां टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
आदर्श नगर निवासी सुनील प्रजापति पुत्र स्व. गोवर्धन प्रसाद के मकान में बांदा जिले के भजौली निवासी बउवा कश्यप (40) पुत्र छिद्दू किराये का कमरा लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। आस पास के लोगों ने बताया कि शराब का लती होने के कारण एक माह पहले पत्नी उसे छोड़ कर चली गई। पत्नी के जाने आहत होकर उसने कई दिन पहले फांसी लगा ली।

इधर कई दिनों से दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को शंका हुई और कमरे के पास पहुंचे। जहां कमरे के बाहर दुर्गंध आने पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी रामफल प्रजापति पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ा। जहां बउवा का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। यह देख आस पास के लोगों में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर ने आलाधिकारियों को अवगत कराया।
डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। वहीं फारेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य एकत्र किये। जिसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और जांच पड़ताल कर शव को पीएम के लिये भेजा है। इस बावत इंस्पेक्टर ने बताया कि शव लगभग सात दिन पुराना लग रहा है। शव को पीएम के लिये भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण और समय पता चल सकेगा।
