फिरोजाबाद: स्थानीय लोगों का सिरदर्द बना टोल प्लाजा!, जिला अस्पताल में इलाज कराना हो तो एक के बदले खर्च करिए 300!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो पाटों में पिस रही स्थानीय जनता, नहीं निकल सका आज तक हल!

रंजीत गुप्ता, अमृत विचार फिरोजाबाद। दिल्ली से कोलकाता तक जा रहा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो आगरा के बाद फिरोजाबाद जनपद से भी गुजरता है। आगरा की सीमा खत्म होते ही फिरोजाबाद की सीमा शुरू होती है और फीरोजाबाद जनपद की सीमा का पहला कस्बा टूंडला है।

टूंडला यूं तो फिरोजाबाद जनपद की एक तहसील है और टूंडला विस. सीट भी है। हालांकि टूंडला का जिला मुख्यालय फिरोजाबाद है जो टूंडला तहसील मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी पर है लेकिन तहसील मुख्यालय से टूंडला जिला फिरोजाबाद जिला मुख्यालय तक पहुंचाने के रास्ते में टूंडला से निकलते ही 2 किलोमीटर पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा एक टोल प्लाजा बनाया गया है।

इस टोल प्लाजा को पार करने के लिए स्थानीय लोगों को फास्ट टैग के जरिए डेढ़ सौ रुपए प्रति यात्रा और गाड़ी में फास्टैग ना होने पर ₹300 प्रति यात्रा का भुगतान करना पड़ता है। 

दावत भी खानी हो तो गुजरिये टोल प्लाजा से

यहां के स्थानीय वाशिंदों की यह समस्या इस कदर है कि अगर टूंडला से निकल कर टोल पार करने के बाद किसी गांव में कोई दावत खाने जाए तो पहले टोल चुकाता है उसके बाद वहां दावत खाने जाएगा। इसी तरह जिला अस्पताल में इलाज करने का खर्च मात्र एक रुपए का है लेकिन फिरोजाबाद जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज तक पहुंचाने के लिए किसी भी टूंडला में रहने वाले व्यक्ति को डेढ़ सौ रुपए या ₹300 का टोल पहले भुगतान करना पड़ता है।

आप इसे यूं कह सकते हैं कि जिला मुख्यालय में बैठे जिला अधिकारी जिला जज कोर्ट सीएमओ तमाम अधिकारियों से मिलने के लिए किसी भी मध्यम वर्गीय निम्न मध्यम वर्गीय को यदि अपनी कार का इस्तेमाल करना है तो उसे ₹300 का टोल देना होगा।

60 किमी के दायरे में होना चाहिये सिर्फ एक टोल

टूंडला तहसील का दायरा आगरा जनपद की सीमा से शुरू होकर फिरोजाबाद शहर से नगला भाव तक लगता है। अगर कोई व्यक्ति उस पर से इस तहसील टूंडला में आना है तो उसे भी टोल चुकाना होगा। फिरोजाबाद जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दो टोल हैं। एक टोल टूंडला पर है तो दूसरा टोल कट चारी पर लगाया गया है जबकि शासनादेश के मुताबिक 60 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ एक टोल होना चाहिए लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नियमों के उलट फिरोजाबाद में दो टोल लगाकर फिरोजाबाद की जनता से टोल टैक्स की वसूली कर रहा है।

दो पाटों में पिस रही स्थानीय जनता!

नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारी इस मामले में कहते हैं कि यदि आप टोल रोड का इस्तेमाल करेंगे तो टोल का भुगतान तो करना ही पड़ेगा लेकिन सवाल यह खड़ा होता है कि जो रोड टैक्स उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के वक्त लिया गया है, उसके एवज में टूंडला तहसील के लोगों को जिला मुख्यालय तक जाना है तो प्रदेश सरकार की कौन सी सड़क टूंडला से सीधे फिरोजाबाद को जोड़ती है? 

जनप्रतिनिधि भी नहीं दूर कर सके समस्या

इस समस्या को पिछले कई वर्षों से जिला प्रशासन के सामने और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया है लेकिन इस समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। हालांकि इस मामले में स्थानीय लोगों द्वारा रणभेरी संगठन के जरिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के उस बयान का भी हवाला दिया है जिसमें उन्होंने सदन में खड़े होकर कहा कि स्थानीय वाशिंदो को आधार कार्ड के आधार पर फ्री पास मुहैया कराया जाए। लेकिन टोल प्रशासन इस बयान को मानकर टोल फ्री करने पर राजी नहीं है।

जब इस मामले को फिरोजाबाद के जिला अधिकारी डॉक्टर उज्जवल कुमार के सामने रखा गया तो वह भी इस मामले से बचते नजर आए।

यह भी पढ़ें: UP Budget Session 2024: दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के साथ विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

संबंधित समाचार