Bharat Ratna: आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर अखिलेश ने भाजपा पर कसा तंज, कहा -वोट बैंक को...
बलरामपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने वोटबैंक को बिखरने से बचाने के लिए ये सम्मान दिया।
बलरामपुर जिले में दिवंगत विधायक व पूर्व मंत्री एसपी यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सपा प्रमुख यादव ने भाजपा के संस्थापक सदस्य आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने के के सवाल पर कहा, ''भाजपा ने वोटबैंक को बिखरने से बचाने के लिए ये सम्मान दिया।''
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जाने की घोषणा की और अपने लिए इसे ‘‘एक अत्यंत भावुक क्षण’’ बताया।
सपा प्रमुख यादव ने संवाददाताओं से कहा, ''यह भारत रत्न अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है। यह सम्मान में नहीं दिया जा रहा है। यह सम्मान (भारत रत्न मिलना) तो है खैर, लेकिन अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है।''
विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि 'सीटों के बंटवारे को लेकर जिस स्तर पर बात होनी चाहिए, हो चुकी है तथा उनको जानकारी भी दी जा चुकी है। यादव ने कहा, ''सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। जीत और सीट के हिसाब से सीटों का बंटवारा होगा।'' उन्होंने कहा, ''कांग्रेस आलाकमान से उनकी बात हो चुकी है, सीटों के बंटवारे को लेकर कोई दुविधा नहीं है।''
उन्होंने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होने को लेकर कहा कि अभी तक उनको न्योता नहीं मिला है, कई बार ऐसा हुआ है कि जब कार्यक्रम खत्म होने पर उनको बुलाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने पर कहा कि भाजपा ने जाने कौन सा जादू कर दिया कि वह राजग में शामिल हो गए। उन्होंने कहा, ''जातीय जनगणना का मुद्दा खत्म नहीं होगा बल्कि समाजवादी पार्टी इसे आगे बढ़ाएगी क्योंकि बाबा साहब आंबेडकर चाहते थे कि लोगों को उनकी आबादी के हिसाब से सम्मान मिले।''
यह भी पढ़ें:-यूपी राजभवन में RDC कैडेटों के लिए आयोजित किया गया सम्मान समारोह, राज्यपाल ने किया सम्मानित, देखें मनमोहक तस्वीरें
