शाहजहांपुर: रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे 25 गोवंश की ट्रेन से कटकर मौत, मचा हड़कंप
शाहजहांपुर, अमृत विचार। मीरानपुर कटरा क्षेत्र की कसरक क्रॉसिंग के पास शनिवार तड़के पटरी क्रास कर रहे 25 गोवंशीय पशुओं की तेज रफ्तार ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना से पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई। तुरंत ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोरक्षकों की मदद से पशुओं के शवों का अंतिम संस्कार करवाया।
अधिकारियों के अनुसार कसरक रेलवे क्रासिंग के पास गोवंशीय पशुओं का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी बीच पदमावत ट्रेन आ गई। कसरक रेलवे फाटक से गुजरते समय ट्रेन की रफ्तार 80 किलो मीटर प्रति घंटा से ज्यादा होती है। इससे पहले पशु ट्रैक से हट पाते ट्रेन उन्हें रौंदते हुए निकल गई।
पशुओं के अवशेष रेलवे ट्रेक के दोनों तरफ बिखर गए। हादसे के बाद चालक ने रेलवे स्टेशन को सूचना दी। रेल कर्मियों ने ट्रेक का निरीक्षण कर साफ़ किया। प्रशासनिक अधिकारियों को जैसे ही पशु काटने की सूचना मिली हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी अंजलि गंगवार, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिव प्रियंक जैन, कटरा थाना अध्यक्ष गौरव त्यागी, नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी घटनास्थल पर पहुंचे।
राष्ट्रीय गो रक्षक संघ भारत के प्रदेश अध्यक्ष अजीत शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गोवंश की मृत्यु पर शोक जताते हुए उन्होंने प्रशासन से नाराजगी जताई। पुलिस और प्रशासन का अमला भी पहूंच गया। जेसीबी मशीन से शवों के अवशेष एकत्र कर गड्ढे में दफन कराए गए। इस दौरान राष्ट्रीय गो रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष अमर सिंह, मंडल सचिव राजीव गंगवार, जिला सचिव वीरेंद्र गंगवार, नगर अध्यक्ष कृष्णा गंगवार आदि मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: बिछने लगी चुनावी विसात, पसंदीदा दल से टिकट पाने को सूरमा बेकरार
