Banda: पूर्व सैनिक के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार; सभी की आंखों से छलके आंसू...
पूर्व सैनिक का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया।
सड़क हादसे में मृत्यु के बाद पूर्व सैनिक का उनके पुश्तैनी गांव में आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें भारी भीड़ मौजूद रही।
बांदा, अमृत विचार। सड़क हादसे में मृत्यु के बाद पूर्व सैनिक का उनके पुश्तैनी गांव में आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें दस पूर्व सैनिकों समेत पांच सेवारत सैनिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। इस दौरान सभी की आंखों में छलकते आंसू बता रहे थे कि उन्होंने अपने गांव में बच्चों से लेकर बुजुर्गों के दिलों में कितनी जगह बनाई थी। पूर्व सैनिक पुन्ना सिंह चौहान की शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
असामयिक मौत से पूर्व सैनिक का पूरा परिवार सदमे में है। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर का उनके पुश्तैनी गांव सिकुआ में राजकीय सम्मान के साथ अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष कप्तान एसबी सिंह राठौड़, सचिव सूबेदार मेजर दयाशंकर तिवारी, उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनरेश सिंह, सूबेदार मेजर गेंदा सिंह, हवलदार इंद्रबहादुर सिंह समेत 10 पूर्व सैनिकों समेत थानाध्यक्ष जसपुरा के पांच सेवारत सैनिक एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद अपने गांव वापस लौटने के बाद भी स्व.पुन्ना सिंह चौहान में देशभक्ति की भावना कूट-कूटकर भरी थी। उनमें देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा था। गांव की चौपाल पर अक्सर शाम के वक्त वे गांव के बच्चों को एकत्र कर अपनी तैनाती स्थल की आपबीती सुनाते थे और बच्चों को सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करते थे। वे चाहते थे कि हर गांव में भारतमाता की प्रतिमा स्थापित की जाए, जिससे समूचे राष्ट्र को देश सेवा के लिए हमेशा प्रेरणा मिलती रहे।
