कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर... शहर में जल्द चलेंगी डबल डेकर बसें, ट्रैफिक का लोड कम करने के लिए नई पहल

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में जल्द चलेंगी डबल डेकर बसें।

कानपुर में जल्द डबल डेकर बसें चलेंगी। परिवहन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की। प्रमुख मार्गों पर सार्वजनिक ट्रैफिक का लोड कम करने के लिए पहल।

कानपुर, अमृत विचार। शहर की सड़कों पर जल्द ही डबल डेकर बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी। यह बसें मेट्रो के बाद सार्वजनिक नगरीय परिवहन का बड़ा विकल्प बनेंगी। परिवहन विभाग की ओर से इन बसों को चलाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन ने शहर में डबल डेकर बसों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। इस आदेश के बाद अधिकारियों की ओर से डबल डेकर बसों के लिए रूट तैयार किए जाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।

शहर में फिलहाल 100 इलेक्ट्रिक बसें 90 किलोमीटर परिधि के मार्ग में यात्रियों को सुविधा देती हैं। इन बसों पर रोज लगभग 30 हजार यात्रियों का लोड है। इलेक्ट्रिक बसों की सफलता के बाद अब डबल डेकर बसों को सड़क पर उतारे जाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए शासनादेश जारी कर दिया गया है। इन बसों को ऐसे रूट पर उतारा जा सकता है, जहां पर यात्रियों की संख्या सबसे अधिक है।

शहर में ऐसे रूट में रामादेवी से आईआईटी और घंटाघर से गंगा बैराज रूट सहित अन्य रूट शामिल हैं। परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि यह डबल डेकर प्राइवेट कंपनियों की ओर से चलाई जानी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसों का संचालन शहर की सड़कों पर शुरू हो जाएगा।

मेट्रो कनेक्टिविटी होगी 

शहर में मेट्रो का जाल भी बिछाया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारियों की ओर से रूट निर्धारित करने में इसका भी ख्याल रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि रूट निर्धारण पर मेट्रो से उतरने वाले यात्रियों को हर पांच मिनट पर बसें उपलब्ध हो इस तरह की योजना बनाई जा रही है। 

फिलहाल चल रही सौ ई-बसें 

शहर को स्मार्ट सिटी के तहत सौ इलेक्ट्रिक बसें मिली थीं। इन बसों को शहर के विभिन्न मार्गों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ा गया था। इन बसों के संचालन के दौरान शहर के 10 नए रूट को जोड़कर बसों का संचालन शुरू किया गया था। फिलहाल यह बसें अयोध्या गई हुई हैं।  

सुविधा के लिए नया डिपो

परिवहन विभाग की ओर से नई बसों के लिए मंधना स्थित संडरीला गांव में नए बस डिपो के लिए तैयारी अंतिम चरण में हैं। नई बसों के लिए इन डिपो में रखरखाव व यात्रियों को लाने व ले जाने का कार्य भी प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि नई डबल डेकर बसों के आने के आदेश के बाद अब इस डिपो का कार्य भी तेज गति से होगा।  

आधुनिक सुविधाएं होंगी

अधिकारियों ने बताया कि शहर की सड़कों पर चलने वाली नई डबल डेकर बसों में यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं भी दी जाएंगी। इनमें आराम दायक कुर्सियां, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, टीवी स्क्रीन और इलेक्ट्रॉनिक लोकेशन स्क्रीन शामिल हैं।

पहले दौड़ती थीं डबल डेकर

शहर में पांच दशक पहले डबल डेकर बसें चलती थीं। इनका रूट फूलबाग से चिड़ियाघर और रावतपुर के बीच था। चार दशक पहले आखिरी डबल डेकर चलना बंद हो गई थी।

ये भी पढ़ें- World Cancer Day 2024: हौसले से जीती कैंसर की जंग, दूसरों के लिए बने मिसाल ... पढ़िए घातक बीमारी को मात देने वाले अकाउंटेंट की स्टोरी

संबंधित समाचार