देसी गाय पालन पर पुरस्कृत होगें पशुपालक, नंदबाबा दुग्ध मिशन के तहत मिलेगा पुरस्कार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक योजना लागू, 12 लीटर दुग्ध उत्पादन पर 10 और बढ़ा तो 15 हजार का मिलेगा पुरस्कार

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद में देसी गाय पालने वाले पशुपालकों के दिन जल्द बहुरेंगे। देसी गाय से अधिक दूध उत्पादन होने पर पशुपालकों को इनाम मिलेगा। साहीवाल, गीर, थारपाकर, हरियाणा व गंगातीरी गाय पालने वालों को पुरस्कार मिलेगा। गाय से आठ से 12 लीटर दूध उत्पादन करने पर 10 हजार व 12 लीटर से अधिक दूध उत्पादन करने पर पशुपालकों को 15 हजार रुपये मिलेंगे।
 
योजना के तहत एक पशुपालक अधिकतम दो पशुओं पर पुरस्कार ले सकता है। इसके लिए जनपद में पशुपालकों का आवेदन शुरू हो गया है। जिले में कुल चार लाख 41 हजार 479 गाय हैं। गाय पालने वालों के लिए नंद बाबा दुग्ध मिशन की शुरुआत की गई है। जिसके अंतर्गत देसी गायों में नस्ल सुधार व दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना से जनपद के पशुपालक लाभान्वित होंगे। इस योजना में एक गाय पर एक ही बार पुरस्कार लिया जा सकता है। गाय को बच्चा पैदा होने के 45 दिन के अंदर पशुपालक आवेदन कर सकता है। पशुपालक अपने नजदीकी पशु अस्पताल में आवेदन करेंगे। नियम के अनुसार इसके बाद डॉक्टरों की टीम जांच करेगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुरस्कार के लिए नाम जिला मुख्यालय व शासन को भेजा जाएगा। इसके लिए पशुपालक का आधारकार्ड, गाय के साथ पशुपालक की रंगीन फोटो, गाय के बीमा का विवरण, शपथ पत्र आदि देना होगा।

किस गाय के दूध पर कितना है पुरस्कार 
साहीवाल, गिर व थारपाकर गाय के आठ से 10 लीटर दूध देने पर 10 हजार रुपये व 12 लीटर से अधिक दूध देने पर 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके साथ ही हरियाण गाय के सात से 10 लीटर दूध देने पर 10 हजार रुपये व 10 लीटर से अधिक दूध देने पर 15 हजार रुपये मिलेंगे। गंगातीरी गांव के सात से आठ लीटर दूध देने पर 10 हजार रुपये व आठ लीटर से अधिक दूध देने पर 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

वर्जन - 
पशुपालकों की आय वृद्धि के लिए योजना लागू की गई है। सभी पशु चिकित्सा अधिकारी नोडल के रूप में काम करेंगे। नियम पूरे होने व जांच के बाद ही पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। - जगदीश सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी

ये भी पढ़ें -सिद्धार्थनगर : ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, दिल्ली से छुट्टी लेकर आया था घर

संबंधित समाचार