बरेली: बिजली इंजीनियर से निवेश के बहाने तीन लाख की ठगी, दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार : गाजियाबाद में तैनात बिजली इंजीनियर से निवेश के बहाने तीन लाख रुपये की ठगी कर ली गई। इंजीनियर ने थाना इज्जतनगर में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इज्जतनगर के नार्थ सिटी एक्सटेंशन निवासी शिवांग शंकर ने बताया कि वह पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड इंदिरापुरम गाजियाबाद में इंजीनियर हैं।
उन्होंने कोटक सिक्योरिटीज ब्रोकरेज एप में तीन लाख रुपये निवेश किए थे। आरोप है कि कंपनी ने शेयरों को हैक कर उसकी वास्तविकता को नहीं दिखाया। जिससे उन्हें तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया। उन्होंने कंपनी के लोगों से संपर्क किया तो जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन फिर भी उन्हें धोखे में रखा गया।
उनका आरोप है कि एप को बार-बार ठप कर दिया जा रहा था, जब उन्होंने इसकी शिकायत कस्टमर केयर पर की तो तकनीकी कमी बताई गई। उन्होंने एक्स पर धोखाधड़ी और घोटाले के लिए टैग करते हुए पोस्ट की तो शिकायत पर कार्रवाई का सिर्फ आश्वासन दिया। ठगी के बाद से वह परेशान हैं। उन्हें डर है कहीं वह अवसाद के कारण कोई गलत कदम न उठा लें।
ये भी पढ़ें - बरेली: गरीबरथ एक्सप्रेस और पूर्णागिरी जनशताब्दी के इंजन फेल
