बरेली: गरीबरथ एक्सप्रेस और पूर्णागिरी जनशताब्दी के इंजन फेल
बरेली, अमृत विचार: रविवार को पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आ गई। वहीं शनिवार रात गरीब रथ एक्सप्रेस का इंजन कौरह स्टेशन के पास खराब हो गया। गुस्साए यात्रियों ने रेल प्रशासन को एक्स पर शिकायत करनी शुरू कर दी। पूर्णागिरी जनशताब्दी करीब दो घंटा आंवला स्टेशन और गरीब रथ एक्सप्रेस तीन घंटा से ज्यादा कौरह स्टेशन के पास खड़ी रही।
रविवार दोपहर एक यात्री ने एक्स पर रेल अधिकारियों को बताया कि ट्रेन संख्या 12036 पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस को आंवला स्टेशन पर रोककर रखा गया है। दरअसल दिल्ली से टनकपुर जाने वाली पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस दोपहर करीब 12:00 बजे आंवला स्टेशन पर पहुंची। वहां इंजन में खराबी आ गई। लोको पायलट ने ठीक करने का प्रयास किया मगर कामयाबी नहीं मिली।
दोपहर 13:30 बजे बरेली जंक्शन से दूसरा इंजन गया तो दोपहर 14:00 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। बरेली जंक्शन आते-आते ट्रेन दो घंटा लेट हो गई। वहीं शनिवार देर कौरह स्टेशन पर 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस को तीन घंटा के लिये रोक दिया गया। यात्रियों ने एक्स पर शिकायत की। जिस पर डीआरएम मुरादाबाद के एक्स हैंडल से जवाब आया कि ट्रेन का इंजन फेल हो गया है। दूसरा इंजन जोड़ने और शंटिंग आदि में समय लगा है।
ये भी पढ़ें - बरेली: कुतुबखाना पुल पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू, इसी महीने से पुल से ट्रैफिक चलाने का दावा कर चुके हैं मेयर
