रायबरेली: गोवंश को बचाने में पेड़ से टकराई जनरथ बस, चालक सहित तीन घायल
तड़के हुआ हादसा, वाराणसी से लखनऊ जा रही थी बस
राही/रायबरेली, अमृत विचार। भदोखर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में गोवंश को बचाने के चक्कर में रोडवेज की जनरथ बस एक पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास हड़कंप मच गया। चीख पुकार पर स्थानीय ग्रामीणों ने पहुंच कर घायलों को बाहर निकाला।
घटना में चालक और कंडक्टर को गंभीर चोटे आई है जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक रविवार रात दस बजे चालक प्रमोद कुमार, कंडक्टर सर्वेश द्विवेदी अपने सह चालक शशांक तिवारी के साथ परिवहन विभाग की जनरथ बस को लेकर वाराणसी से लखनऊ के लिए निकले थे।
सोमवार तड़के तीन बजे के करीब जैसे ही उनकी बस थाना क्षेत्र के रायपुर महेरी गांव स्थित फौजी स्टेडियम के निकट पहुंची, तभी तेज रफ़्तार बस सड़क पर गोवंश को बचाने को लेकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे नींब के पेड़ से टकरा गई। जिससे चालक प्रमोद कुमार व कंडक्टर सर्वेश कुमार द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची भदोखर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत में सुधार नहीं होने से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर सेंटर रेफर किया गया। एसओ ने बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंच कर सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां गंभीर हालत में उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-UP Budget Live: योगी सरकार आज सदन में पेश करेगी यूपी का सबसे बड़ा बजट, इन वर्गों पर होगा फोकस
