बदायूं: घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म, भाई को जान से मारने की धमकी
बिसौली, अमृत विचार: एक युवक पड़ोस में रहने वाली किशोरी को अकेला पाकर उसके घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के भाई के पहुंचने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
कोतवाली बिसौली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार फरवरी को वह और उनके परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 16 साल की बेटी अकेली थी। दोपहर में गांव निवासी सचिन पुत्र ओमप्रकाश उनके घर में घुस आया और उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
इसी दौरान पीड़ित किशोरी का भाई भी घर पहुंच गया। उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। आरोप उसे धक्का देकर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। परिवार के अन्य लोग घर पहुंचे तो पीड़िता ने घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने कोतवाली बिसौली पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी की तलाश की जा रही है। बिसौली कोतवाल आरबी सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बदायूं: जिले में 53212 निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना का मिला लाभ
