मुरादाबाद : दिल्ली में इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर डीएम की पत्नी का बैग गायब
दिल्ली से हैदराबाद जाते समय हुई घटना, आभूषण समेत 15 लाख का कीमती सामान था बैग में, बैग मिला न ही पत्राचार का दिया जवाब तो सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई है एफआईआर
मुरादाबाद, अमृत विचार। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर हैदराबाद जाते समय पीड़िता मंजू सिंह का बैग गायब हो गया। इसमें आभूषण समेत करीब 15 लाख रुपये का कीमती सामान था। पीड़िता मुरादाबाद जिले के जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह की पत्नी हैं।
घटना 28 जनवरी की है। बैग के संबंध में पत्राचार का कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने रविवार रात में सिविल लाइंस थाने में एयर इंडिया कंपनी/ एयरपोर्ट प्राधिकारी एवं संबंधित कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। मंजू ने संबंधित कर्मियों पर उन्हें गुमराह कर छल एवं धोखाधड़ी कर उनका कीमती बैग और उसमें रखे जेवर व अन्य कीमती वस्तुओं को गायब करने का आरोप लगाया है। मंजू सिंह का कहना है कि वह 28 जनवरी को सुबह 11.10 बजे के दौरान इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल-03 से एयर इंडिया कंपनी की प्लाइट-एआई-0522 से हैदराबाद जा रही थीं।
उन्होंने एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर बोर्डिंग करने के लिए प्रवेश किया तो बाहर खड़े कर्मियों ने उन्हें प्राप्ति रसीद देकर उनसे उनका बैग ले लिया और उसी फ्लाइट के कार्गो से गंतव्य स्थान तक पहुंचा देने का भराेसा दिया। मंजू का कहना है कि कर्मियों ने बैग से कीमती सामान निकालने तक अवसर नहीं दिया, जल्दबाजी में उनके हाथ से बैग ले लिया। बैग में उनके कीमती जेवरात, नकद रुपये और अन्य सामान था। इनकी कीमत उन्होंने करीब 15 लाख रुपये बताई है। उन्होंने बताया कि रसीद मिलने से बैग की सुरक्षा को लेकर उनकी फिक्र कम हो गई थी और बिना किसी चिंता के फ्लाइट में सवार हो गई थीं। वह 1.20 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट पर पहुंची थीं।
बैग की खोज में वह एयर इंडिया कंपनी के कर्मियों के बताए गए बेल्ट संख्या-37बी पर पहुंचीं तो काफी देर इंतजार के बाद भी उनका बैग वहां नहीं पहुंचा। उन्होंने हैदराबाद एयरपोर्ट के कर्मियों को बैग से संबंधित रसीद दिखाई। रसीद देखने के बाद कर्मियों ने मंजू सिंह को बताया कि सामान प्राप्त होते ही आपको खबर कर दी जाएगी। लेकिन, काफी इंतजार के बाद भी अब तक उनके बैग के संबंध में एयरपोर्ट से कोई खबर नहीं आई। पीड़िता ने बताया, घटना के दिन से लगातार वह एयर इंडिया कंपनी/एयरपोर्ट के कर्मियों से अपने सामान के बारे में पत्राचार करती रहीं लेकिन, कोई संतोषजनक उत्तर उन्हें नहीं मिल पाया। ऐसे में उन्होंने रविवार रात में मुरादाबाद सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराया है।
मंजू सिंह की तरफ से एयर इंडिया कंपनी/एयरपोर्ट के कर्मियों के विरुद्ध जालसाजी एंव धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। संबंधित मामले की जांच के लिए पुलिस की टीम गठित कर एयरपोर्ट पर भेजी जाएगी। जांच में जो भी तथ्य मिलेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- अर्पित कपूर, सीओ सिविल लाइन
ये भी पढ़ें:- Muradabadi Zaiqa: मुरादाबाद ही नहीं दुबई-कतर और सऊदी अरब तक मुरादाबादी बिरयानी के शौकीन...जानिए क्यों है इतनी खास
