मुरादाबाद : गत्ता व्यापारी का पहले मोबाइल खोया, फिर खाते से निकल गए चार लाख रुपये
जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने के दौरान संदेह होने पर संचालक ने बनाया था वीडियो, बिलारी, जाेया व रामपुर से निकाले गए हैं रुपये, साइबर क्राइम सेल ने दर्ज की शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले गत्ता व्यापारी का मोबाइल खो गया, फिर उसके बाद 21 दिनों के अंतराल में बैंक खाते से चार लाख रुपये भी निकल गए। पीड़ित ने शुरू में ही मोबाइल खोने की सूचना मझोला थाने में दी थी लेकिन, जब उसके खाते से रुपये चोरी हुई तो उसने दूसरी बार थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। साइबर क्राइम सेल में भी घटना की जानकारी देकर कार्रवाई के लिए गुहार लगाई लेकिन, अभी इस मामले में पीड़ित को कोई राहत नहीं मिली है।
मझोला थाना क्षेत्र के गांव डिडौरा निवासी राकेश कुमार गत्ता व्यापारी हैं। उन्होंने अपने स्तर से जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसके रुपये बिलारी में नदीम, सुरेंद्र और जोया में पाशा के जनसेवा केंद्र से किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए हैं। पीड़ित ने एक जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने वाले संदिग्ध का वीडियो भी प्राप्त कर लिया है। वीडियो में संदिग्ध रुपये गिनता दिख रहा है। पीड़ित ने बताया कि उनका मोबाइल 5 नवंबर को खो गया। इसकी सूचना उन्होंने मझोला थाने पर 10 नवंबर को दी थी। उसी बीच इनकी पत्नी सुरेश देवी टाइफाइड से ग्रसित हो गई थीं।
वह खुशहालपुर मार्ग पर शाहपुर तिगरी के एक अस्पताल में करीब 12 दिन तक भर्ती रहीं। पत्नी से पहले राकेश खुद कई दिन तक विवेकानंद अस्पताल में भर्ती रहे थे। उन्होंने बताया कि पत्नी के इलाज लिए वह 27 दिसंबर के दिन दोपहर 2.30 बजे के दौरान पाकबड़ा में डाॅक्टर के पास बैठे थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर 20-20 हजार रुपये निकलने के तीन और 40 हजार रुपये खाते से निकलने का एक मैसेज आया। कुल एक लाख रुपये खाते से निकल गए। यह देख वह परेशान हो गए और फिर डॉक्टर के यहां से सीधे वह इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा मझोला पहुंचे।
शाखा प्रबंधक ने उनसे कहा, एफआईआर कराओ और तुरंत अपने खाते में शेष बचे रुपये निकाल लो। फिर राकेश ने वित्तीय स्टेटमेंट निकलवाया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखा, कुल चार लाख रुपये खाते से गायब हो गए हैं। पीड़ित ने बताया कि वह मझोला थाने गए तो पुलिसकर्मियों की सलाह पर उन्होंने पुलिस लाइन आकर साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन, अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले में पुलिस अपना काम कर रही है। जो व्यक्ति जनसेवा केंद्र में वीडियो में पैसे गिनते दिख रहा है, उसकी पहचान की जा रही है। पीड़ित के खाते से कई खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है। रामपुर, अमरोहा से भी पैसा निकाला गया है। बिलारी से भी इसके खाते से रुपये निकाले गए हैं। कार्रवाई चल रही है, जल्द ही हम आरोपी को पकड़ेंगे।-मनोज कुमार, प्रभारी-साइबर क्राइम सेल
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दिल्ली में इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर डीएम की पत्नी का बैग गायब
