अमेठी: दबंगों ने सुरक्षाकर्मी को सरेराह पीटा, हुआ बुरी तरह से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती, हड़कंप
अमेठी। थाना फुरसतगंज क्षेत्र के रायबरेली सुलतानपुर राजमार्ग पर स्थित गांव निगोहां के पास एक फार्च्यूनर और स्कार्पियो की टक्कर में बीच बचाव कर रहे ठेकेदार के गनर को सरहंगों ने जमकर पीटा। जिससे वह गम्भीर रुप से घायल हो गया। जिसे घायलावस्था में सीएचसी फुरसतगंज भेजवाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया है। जहां पर ठेकेदार के सुरक्षा कर्मी का उपचार जारी है।
रायबरेली जनपद के थाना हरचंदपुर क्षेत्र के निवासी ठेकेदार रुपेश सिंह सोमवार को अपनी फार्च्यूनर कार से सरकारी गनर के साथ रायबरेली से बहादुरपुर की तरफ आ रहे थे। वह थाना फुरसतगंज क्षेत्र के निगोहां गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही दो स्कार्पियो और फार्च्यूनर कार की टक्कर हो गई। दोनो वाहनों की टक्कर होने के बाद थोड़ी देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिसके बाद ठेकेदार रुपेश सिंह के सरकारी गनर रणधीर चावड़ा ने बीच बचाव करने की कोशिश की इसी बीच बचाव करने के चक्कर में सरहंगो ने सुरक्षा कर्मी की जमकर पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गये।
आनन-फानन में घायल सिपाही को फुरसतगंज सीएचसी पहुंचाया गया। जहां स्थिति गंभीर देख रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक ने बताया कि रणधीर चावड़ा सिपाही के सिर समेत पूरे शरीर में चोट के निशान है और अभी बेहोशी की हालत में है। जिसे जिला अस्पताल रायबरेली भेज दिया गया है।
इस सम्बंध में तिलोई के सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही रणधीर चावड़ा की नियुक्ति पुलिस लाइन रायबरेली में है जो एक ठेकेदार की सुरक्षा में तैनात था और राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक काली स्कार्पियो से ठेकेदार की फार्च्यूनर की टक्कर हो गई। स्कार्पियो सवार लोगों ने गनर की पिटाई की है। जिससे सिपाही घायल हो गया है। उसका इलाज जिला अस्पताल रायबरेली में चल रहा है और हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्जकर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
यह भी पढ़ें: 'तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला ...यह मोदी की गारंटी', लोकसभा में बोले PM मोदी
