सीतापुर: नाली के पानी को लेकर दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट, महिला की मौत, दो अन्य घायल, कोहराम
दो महिलाओं सहित 6 लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप,आरोपी फरार
सीतापुर। महोली कोतवाली इलाके में नाली के बहते हुए पानी को रोकने को लेकर विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक महिला की गहरी चोट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलो को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही 2 महिलाओं सहित 6 लोगों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार,क्षेत्र की बड़ागांव पुलिस चौकी अंतर्गत नियाजपुर गांव में सोमवार दोपहर नाली का पानी खड़ंजे पर निकालने से मना करने पर गांव के ही इलियास, रफीक, तस्लीम, कलीम व महिलाएं लामबंद होकर शाहजहां पत्नी बब्बे के घर में घुसकर महिलाओं के साथ लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जिससे शाहजहां 55 वर्ष गंभीर घायल हो गई। मारपीट के दौरान बचाने आई बहू आफरीन व बेटी साजिदा व सूबी भी घायल हो गई।
परिजन गंभीर हालत में घायलों को लेकर महोली सीएचसी पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने महिला शाहजहां को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल आफरीन साजिदा व सूबी का उपचार चल रहा है। मृतका शाहजहां के पति बब्बे ने कोतवाली पुलिस को इलियास, रफीक, तस्लीम, कलीम व दो अन्य महिलाओं के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजते हुए तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: अमेठी: दबंगों ने सुरक्षाकर्मी को सरेराह पीटा, हुआ बुरी तरह से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती, हड़कंप
