लखीमपुर-खीरी: छाउछ पावर हाउस में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंका
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: शहर के छाउछ पावर हाउस पर लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर रविवार की आधी रात को फुंक गया, जिससे शहर के कई मोहल्ले ब्लैक आउट हो गए। बिजली अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर दूसरे जिले से मंगवाया जा रहा है, जिसे आने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। वैकल्पिक तौर पर अन्य फीडर से दो दो घंटे रोस्टर के मुताबिक उपभोक्ताओं को बिजली दी जाएगी।
शहर के छाउछ उपकेंद्र पर रखे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर से एक नंबर फीडर के मोहल्ला राजगढ़, बरखेड़ा, श्याम नगर, रामनगर, नहर पटरी से लेकर गुरु नानक चौराहे तक बिजली सप्लाई की जाती है। चार नंबर फीडर से गोटैयाबाग, शिव कॉलोनी, कमलापुर, बलदेव नगर, त्रिपाठी नगर, सुभाष नगर, देवकली रोड, गोला रोड और उदयपुर को बिजली सप्लाई दी जाती है।
इस ट्रांसफार्मर से करीब आठ हजार उपभोक्ता हैं। रविवार की आधी रात ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी मोहल्ले ब्लैक आउट हो गए और उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई। सुबह होने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली की समस्या गहरा गई है। ।
ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी होने पर अधीक्षण अभियंता राम शब्द, अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह एसडीओ अनिल चौरसिया सहित कई बिजली अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर को ठीक कराने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी ट्रांसफार्मर को दुरुस्त नहीं किया जा सका। उप केंद्र पर नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए करीब तीन दिन का समय लग सकता है।
बिजली लोड कम करने के लिए पटेल नगर मुहल्ले को खीरी टाउन उप केंद्र से जोड़ दिया गया है। जबकि एक नंबर फीडर से जुड़े मुहल्लों को दो-दो घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जो ट्रांसफार्मर फुंका है। वह दो साल की अंडर गारंटी में था। अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को भेज दी है। रिपोर्ट भेजे जाने के बाद ही नया ट्रांसफार्मर अलाट होगा।
दो ट्रांसफार्मरों से जुड़े हैं 17 हजार उपभोक्ता
लखीमपुर खीरी। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक छाउछ उपकेंद्र में 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। जिनसे करीब कुल 17 हजार उपभोक्ताओ को बिजली आपूर्ति की जाती हैं। रविवार की रात जिनमें से एक ट्रांसफार्मर में फुंक गया है। इससे उपकेन्द्र से जुड़े सभी उपभोक्ता बिजली कटौती के दायरे में आएंगे।
जब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लग जाता तब तक लोगों को दो-दो घंटे के रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई बहाल की जाएगी---राम शब्द, अधीक्षण अभियंता।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार बनी काल... ट्रक और मैजिक की भीषण टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
