बदायूं: महिला जज की मौत पर प्रियंका वाड्रा ने दी प्रतिक्रिया, भाजपा पर साधा निशाना
बदायूं, अमृत विचार: कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सिविज जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय की आत्महत्या पर सोशल साइट एक्स पर प्रतिक्रिया दी है। जिसमें उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।
उप्र के बाँदा में कुछ हफ्ते पहले एक महिला जज ने इच्छा मृत्यु मांगी। अब बदायूँ में एक दूसरी महिला जज का शव उनके घर में पाया गया है, जिसकी जांच पर उनके परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा राज में महिला जजों की सुरक्षा का ये हाल है तो सोचिए कि एक सामान्य लड़की हर दिन किस भय के साथ…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 4, 2024
लिखा कि उत्तर प्रदेश में कुछ हफ्ते पहले महिला जज ने इच्छा मृत्यु मांगी थी। अब बदायूं में दूसरी महिला जज का शव उनके घर में पाया गया है। जिसकी जांच पर उनके परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा राज में महिला जजों की सुरक्षा का यह हाल है तो सोचिए एक सामान्य लड़की हर दिन किस भय के साथ जीती होगी।
जजी कॉलोनी में रहने वाली महिला जज ज्योत्सना राय मूलरूप से जिला मऊ की तहसील घोसी क्षेत्र के गांव तराई डीह की रहने वाली थीं। तीन जनवरी सुबह उनका शव सरकारी आवास में कमरे पर पंखे पर लटका मिला था। इस मामले में पहली बार किसी राजनेता ने प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स हैंडल पर लिखा कि एनसीआरबी के मुताबिक, महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर वन है।
हर घंटे 8 महिलाएं अपराध का शिकार बनती हैं। उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है। क्योंकि सुरक्षा के सारे बड़े-बड़े दावे सिर्फ विज्ञापनों में हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के आंकड़े यह दिखाते हैं कि सरकार असल में महिला सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है। अब महिलाओं की और समाज की जागरूकता ही उन्हें दमन और हिंसा के भंवर से निकालेगी।
महासचिव की प्रतिक्रिया के बाद बदायूं पुलिस ने भी सीओ सिटी आलोक मिश्रा की बाइट अपलोड की है। जिसमें उन्होंने कहा कि मौके पर सुसाइड नोट मिला। जिसकी जांच की जा रही है। परिजनों ने तहरीर दी कि बेटी सुसाइड नहीं कर सकती। रिपोर्ट दर्ज की गई है। शेष विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के मामले में होगी विवेचना
महिला जज की मौत के बाद उनके परिजन समेत किसी को भी विश्वास नहीं हुआ। पिता अशोक कुमार राय ने कहा कि बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उनकी तहरीर पर कोतवाली सदर में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें उनकी मौत हैंगिंग से होने की पुष्टि हुई थी लेकिन पुलिस हत्या के मामले की ही विवेचना करेगी।
जांच पूरी होने के बाद मामला तरमीम होगा या आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने महिला जज के मोबाइल नंबर के कॉल रिकार्ड चेक किए हैं। जिसमें उनके परिजन और दोस्तों के नंबर ही सामने आए हैं। पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारण भी तलाशा जा रहा है।
दोनों बार एसोसिएशन ने महिला जज को दी श्रद्धांजलि
बदायूं, अमृत विचार : सोमवार को न्यायायिक अधिकारी, जिला एवं जिला सिविल बार एसोसिएशन ने सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय को जजी के मीटिंग हॉल में श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार को सिविल जज जूनियर डिविजन ज्योत्सना राय का निधन हो गया था। अयोध्या में सरयू नदी पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सोमवार को सुबह सवा दस बजे जजी के मीटिंग हाल में जिला जज पंकज कुमार अग्रवाल व न्यायिक अधिकारियों और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार, महामंत्री संदीप मिश्रा, जिला सिविल बार एसोसिएशन के सचिव अरविंद पाराशरी, कौशलेंद्र मोहन शर्म आदि ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यह भी पढ़ें- बदायूं: जिले में 57 इकाइयों के लगने का रास्ता हुआ साफ, 1531.180 करोड़ का होगा निवेश
