मध्यप्रदेश राज्य सेवा परीक्षा आगे बढ़ाने की मांग, आंदोलनरत उम्मीदवारों ने खुले आकाश तले गुजारी सर्द रात 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इंदौर। मध्यप्रदेश राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2023 आगे बढ़ाने की मांग को लेकर बेमियादी आंदोलन कर रहे उम्मीदवारों ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) के इंदौर स्थित मुख्यालय के सामने सोमवार की रात खुले आकाश तले गुजारी।

चश्मदीदों ने बताया कि प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों ने एमपीपीएससी मुख्यालय के सामने सड़क पर ही बिस्तर बिछा दिया और वे सर्द रात में अलाव तापते भी देखे गए। इस दौरान उन्होंने भजन-कीर्तन भी किया। इन उम्मीदवारों का प्रदर्शन सोमवार दोपहर से जारी है। 

प्रदर्शनकारियों के अगुवा आकाश पाठक ने कहा, ‘‘राज्य सेवा परीक्षा 2023 के प्रारंभिक दौर का परिणाम 18 जनवरी को घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा के लिए 11 से 16 मार्च तक का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। एमपीपीएससी ने मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए हमें पर्याप्त समय नहीं दिया है।’’ 

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए कम से कम 90 दिन का समय दिया जाना चाहिए। एमपीपीएससी के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) रवींद्र पंचभाई ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग को आयोग के सामने विचार के लिए रखा जाएगा। 

पंचभाई ने दावा किया कि प्रारंभिक परीक्षा में चयनित कई उम्मीदवारों ने एमपीपीएससी से गुजारिश की है कि मुख्य परीक्षा तय कार्यक्रम के मुताबिक ही आयोजित हो ताकि इसका परिणाम वक्त पर घोषित किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 के 18 जनवरी को घोषित परिणाम में मुख्य परीक्षा के अगले दौर के लिए करीब दो लाख में से 5,589 उम्मीदवारों का चयन किया गया था। राज्य सेवा परीक्षा 2023 के तहत प्रशासनिक सेवाओं के कुल 229 पद भरने के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। 

ये भी पढ़ें- PM मोदी गोवा में आज भारत ऊर्जा सप्ताह का करेंगे उद्घाटन, कई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला 

संबंधित समाचार