मुरादाबाद : कांठ रोड से जुड़ेगा दिल्ली हाईवे, बनेगी सर्विस लेन
महानगर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए प्राधिकरण की पहल
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में जल्द ही यातायात का दबाव कम होगा। विकास प्राधिकरण की ओर से कांठ रोड को दिल्ली हाईवे से जोड़ने को सर्विस लेन बनाने की पहल पिछले दिनों बोर्ड की बैठक में कर दी गई थी। अब इसके चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बन जाने से महानगर में सुचारु यातायात प्रबंधन में आसानी होगी।
भविष्य में महानगर में सुचारु यातायात प्रबंधन के लिए कांठ रोड से दिल्ली रोड को जोड़ने वाले निर्माणाधीन 24 मीटर मार्ग के दोनों ओर न्यूनतम 7.5 मीटर चौड़ा सर्विस रोड बनना है। इसके लिए बोर्ड बैठक में धनराशि की स्वीकृति भी दी गई थी। यह मार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। इस लेन के बनने से कांठ रोड से होकर दिल्ली रोड पर जाने वालों का ईंधन और समय दोनों की बचत होगी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार का कहना है कि कांठ रोड को दिल्ली रोड से जोड़ने वाले मार्ग पर सर्विस लेन को चौड़ा किया जाएगा। महानगर का चक्कर काट कर जाने की बजाय लोग कांठ रोड से सीधे इस लेन से होते हुए दिल्ली हाईवे पर पहुंच जाएंगे।
लैंड बैंक पर खर्च होने हैं 350 करोड़ रुपये : प्राधिकरण की ओर से अगले वित्तीय वर्ष में कई नई परियोजनाएं भी लांच होंगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष 2020-25 में ‘सह्याद्रि’ व ‘शिवालिक’ सहित प्राधिकरण की कई महत्वपूर्ण आवासीय व व्यावसायिक परियोजनाएं लांच होंगी। लैंड बैंक की स्थापना के लिए प्राधिकरण लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नया मुरादाबाद नगरीय गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान की चुनावी प्रक्रिया पर नजर रख रहा है अमेरिका, इस बात को लेकर जताई चिंता
