अमेठी : इस बार 15 मार्च से ही शुरू हो जाएगी गेहूं की खरीद, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
अमेठी, अमृत विचार। शासन की मंशा है कि जिले के किसानों को गेहूं की उपज का वाजिब मूल्य मिल सके। इसको लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। वहीं गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण भी विभागीय वेबसाइट पर शुरू हो गया है। ईएमओ ने बताया कि पंजीकरण कराने में किसानों को किसी तरह की समस्या आती है तो वह नवीन मंडी समिति जायस में विपणन की शाखा पर जाकर समस्या का निदान करा सकता है। हालांकि इस बार अधिकारी जिले में गेहूं की खरीद गत साल की अपेक्षा 15 मार्च से ही शुरू होकर 15 जून तक चलेगी।
प्रदेश सरकार की तरफ से हर साल जिले में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की जाती थी। क्रय केंद्रों पर सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के आधार पर गेहूं खरीदा जाता है। इस बार किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीद एक अप्रैल की जगह 15 मार्च से शुरू करने का निर्देश दिया है। गेहूं की खरीद के लिए जनपद में आनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। किसान विभाग की वेबसाइट पर जाकर आनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। ईएमओ सत्य प्रकाश राय ने बताया कि वेबसाइट पर पंजीकरण कराते समय किसान को किसी भी तरह की असुविधा होती है तो वह समस्त अभिलेखों व किसान पंजीकरण नम्बर के साथ आधार कार्ड में लिंक मोबाइल नंबर के साथ मंडी समिति बहादुरपुर में विपणन की शाखाओं पर प्रभारी से संपर्क कर समस्या का निदान करा सकते है।
धान खरीद के लिए जिन किसानों ने पंजीकरण कराया था, उन्हें नए सिरे से पंजीकरण कराने की आवस्यकता नहीं है, वह किसान केवल रकबा में फेर बदल कर पंजीकरण लॉक कर सकते हैं। सरकार की ओर से इस बार गेहूं के समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की गई है। पिछले साल गेहूं को 2125 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य की दर से किसानों से खरीदा गया था। इस वर्ष सरकार की ओर से उसमें 150 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
ये भी पढ़ें -PM मोदी ने हरदा हादसे में हुई मौतों पर जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
