रामपुर : पुलिसकर्मियों ने आटो चालक से मांगा परमिट, उसने दी वर्दी उतरवाने की धमकी
जिलाधिकारी आवास के सामने करीब आधे घंटे तक होता रहा हंगामा, ऑटो चालक पूर्व मंत्री आजम खां के खिलाफ दर्ज करा चुका है दो मुकदमे
रामपुर,अमृत विचार। जिलाधिकारी आवास के पास मंगलवार सुबह करीब 9 : 30 बजे पुलिसकर्मियों को एक आटो चालक से परमिट मांगना भारी पड़ गया। उसने वहां पर मौजूद तीनों पुलिसकर्मियों से वर्दी उतरवाने की धमकी तक दे डाली। उसके बाद आटो चालक सभी पुलिसकर्मियों को एसपी के बंगले पर ले गया। हालांकि बीच में मामला शांत हो गया और ऑटो चालक वापस चला गया। हंगामे के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी मौजूद रहे । सूत्रों की माने तो आटो चालक ने पूर्व मंत्री आजम खां के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए हैं और उसकी सुरक्षा के मद्देनजर गनर भी मिला हुआ है।
जिले में धड़ल्ले सेआटो चल रहे हैं, जोकि क्षमता से अधिक सवारियां भरकर चलते हैं। जिससे सड़क हादसे होने का खतरा बना रहता है। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक आटो चालक गांधी समाधि की ओर से आ रहा था। इस दौरान जिलाधिकारी आवास के सामने कुछ ट्रैफिक और कुछ सिविल पुलिसकर्मियों ने उसको रोककर परमिट और कागजात मांगे। इसी बात पर आटो चालक का पारा चढ़ गया उसने तीन पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली।
ऑटो चालक के सामने अपनी बेइज्जती होते देख पुलिसकर्मी भी ऐंठ में आ गए। उसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर नोकझोंक होने के बाद वहां पर हंगामा होने लगा। जिलाधिकारी आवास के निकट हंगामा पुलिसकर्मियों और ऑटो चालक के बीच नोकझोंक होते देख काफी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिसकर्मी ऐंठे तो ऑटो चालक भी ऐंठता रहा। ऑटो चालक एसपी से मिलकर सभी की वर्दी उतरवाने की धमकी देता हुआ पुलिसकर्मियों को एसपी आवास पर ले गया। लेकिन रास्ते में मामला निपट जाने के बाद वह वापस लौट गया और पुलिसकर्मी भी वापस आ गए।
सवारियां पैसा लेकर हुईं फरार
ऑटो चालक और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक होने के कारण उसमे सवार यात्री झगड़े से बचने के लिए चुपचाप मौका पाकर वहां से फरार हो गए। करीब सौ रुपये उसका किराया भी चला गया। सूत्रों की माने तों आटो चालक ने आजम खां के खिलाफ मुदकमें भी दर्ज कराए थे। तभी से उसको गनर तक मिला हुआ है। पुलिस का गोपनीय व्यक्ति माना जाता है।
सुबह एक चालक से परमिट मांगा,तो वह नोकझोंक करने लगा था। जिसके बाद किसी तरह से मामले को शांत कराया गया था। - विजेंद्र सिंह,टीआई
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : राजस्व वसूली बढ़ाने पर जिलाधिकारी ने दिया जोर, लापरवाही पर कार्रवाई को चेताया
