मुरादाबाद : राजस्व वसूली बढ़ाने पर जिलाधिकारी ने दिया जोर, लापरवाही पर कार्रवाई को चेताया
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को राजस्व कार्यों, न्यायिक कार्य, कर-करेत्तर, न्यायिक पत्रावलियों का दाखिल दफ्तर, वसूली आदि की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने वसूली बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने मंडी, विद्युत, बाट-माप, परिवहन निगम के अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने, विविध देय में वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। सीजनल अमीनों की नियुक्ति में देरी पर नाराजगी जताई। कहा कि सीजनल अमीनों की तत्काल तैनाती करें। तहसीलों के लंबित वादों को उपजिलाधिकारियों को अभियान चलाकर शीघ्रता से निस्तारित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायिक पत्रावलियों को समय से दाखिल दफ्तर कराएं। पुरानी शिकायतों का भी निस्तारण सुनिश्चित करें। कृषक दुर्घटना बीमा आयोग के लंबित आडिट प्रकरणों में आपत्तियों का भी निस्तारण करते रहें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्युत विभाग में अधिक डिमांड वाले ग्रामों को चिह्नित करने के बाद कर वसूली करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसीलों में सुलह अधिकारियों के बैठने की बेहतर व्यवस्था करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन गुलाब चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्र, अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह के अलावा सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: गांवों तक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने में जुटा रोडवेज प्रबंधन
