रामपुर : झारखंड रेलवे स्टेशन पर बिछड़ा पुत्र, पिता को चोरी के आरोप में किया गिरफ्तार
घर आकर बेटे के बारे में ली जानकारी, नहीं मिलने पर उड़े होश
मिलक, अमृत विचार। पिता के साथ नानी के घर गया मासूम झारखंड में चलती ट्रेन में बिछड़ गया। पिता पांच दिन तक झारखंड पुलिस की अभिरक्षा में रहा। पिता अपने पुत्र के बिछड़ने से सदमे में है। भोट थाना क्षेत्र के ज्योहरा गांव निवासी राजकुमार 21 जनवरी को अपने आठ वर्षीय मासूम पुत्र शिवा के साथ बिहार के कटिहार अपनी ससुराल गया था। ट्रेन में जाते समय वह भटक गया और गलत ट्रेन में बैठने के कारण वह झारखंड पहुंच गया।
पैसों के अभाव में उसने घर वापसी का फैसला लिया और ट्रेन में सवार हो गया। कुछ दूर चलने के बाद उसे नींद की झपकी आई तो वह मुंह पर पानी के छीटें मारने के लिए झारखंड के एक रेलवे स्टेशन पर उतर गया। जैसे ही उसने मुंह पर पानी के छीटें मारी, तो किसी ने उसे नशा सुंघा दिया और वह बेहोश हो गया। इतनी देर में ट्रेन आगे की ओर चल दी। जिस समय राजकुमार ट्रेन से उतरा था उस समय उसका पुत्र सो रहा था। तभी स्टेशन पर एक महिला ने राजकुमार पर चोरी का इल्जाम लगाते हुए शोर मचा दिया।
सूचना पुलिस के कानों तक पहुंची, तो राजकुमार को झारखंड पुलिस थाने ले गई। नशे की हालत में राजकुमार पुलिस को कुछ नहीं बता सका।चार दिन बाद जब राजकुमार को होश आया तो उसने अपने पुत्र को ट्रेन में बैठे होने की बात बतायी। तब पुलिस ने उससे कहा कि उसका पुत्र उसके घर गांव पहुंच गया है। झारखंड पुलिस राजकुमार को मिलक कोतवाली लेकर पहुंची और ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया।
राजकुमार जब अपने घर पहुंचा और पुत्र शिवा के बारे में परिवार वालों से जानकारी ली तो, यह सुनकर कि उसका पुत्र घर नहीं पहुंचा है तो उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। पुत्र की तलाश में वह पुनः झारखंड पहुंचा लेकिन उसके पुत्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने कोतवाली मिलक में पुत्र की गुशुदगी दर्ज कराकर पुत्र के बरामदगी की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें : रामपुर : अब्दुल्ला के दो पैन कार्ड मामले में टली सुनवाई, अब 9 फरवरी की तारीख नियत
