हाथरस मामला: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, दोषियों को जरूर मिलेगी सजा
वाराणसी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र सरकार शुरू से ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाने समेत अन्य ऐहतियाती उपाय गंभीरता पूर्वक कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा …
वाराणसी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटना पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र सरकार शुरू से ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाने समेत अन्य ऐहतियाती उपाय गंभीरता पूर्वक कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाथरस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी बातचीत हुई है तथा उन्होंने दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। इसके लिए उन्होंने एसआईटी गठित की है जिससे वह आश्वस्त हैं कि सच्चाई जल्दी ही सामने आ जायेगी।
स्मृति ईरानी ने हाल में संसद में पास कृषि से संबंधित तीन विधेयकों की उपलब्धियां गिनाने के लिए आयुक्त सभागार में आयोजित ‘किसान संवाद प्रेस कांफ्रेंस ‘ के दौरान संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शुरु से ही बेहद गंभीर रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने पॉस्को कानून में संशोधन कर सामूहिक बलात्कार के दोषियों को फांसी की सजा का प्रावधान से लेकर राज्यों को ‘निर्भया फंड’ की राशि सुनिश्चित करने तक, हर उपाय किये गये।
उन्होंने हाथरस मामले में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की ओर इशारा और अपील करते हुए कहा, “हर कोई मदद के लिए वहां पहुंचे, राजनीति के लिए नहीं।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर कई पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है तथा आने वाले समय में इसी प्रकार की कार्रवाई हो सकती है।
केन्द्रीय मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दल महिलाओं के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर भी राजनीतिक रोटियां सेंक रही हैं। यह उसके स्वभाव का एक हिस्सा है। वह हमेशा इसी प्रकार की हरकतें करते हैं।
