सुलतानपुर: पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय समेत 12 आरोपियों की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने सभी पर तय किए आरोप
सुलतानपुर। लंभुआ विधानसभा सीट से पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय समेत 12 आरोपियों के खिलाफ एमपी/ एमएलए कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश यादव ने गुरुवार को आरोप तय किए। सभी पर आदर्श चुनाव आचार संहिता और कोरोना महामारी के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है।
बिना अनुमति की थी जनसभा
बचाव पक्ष के वकील संतोष पांडेय ने बताया कि लंभुआ के पूर्व सपा विधायक सन्तोष पांडेय व उनके दर्जन भर साथियों पर फरवरी 2022 में दो मुकदमे बीते विधानसभा चुनाव के दौरान उड़नदस्ता प्रभारी रहे वीडीओ संदीप सिंह ने कोतवाली देहात थाने में दर्ज कराए थे। आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व विधायक ने समर्थकों के साथ विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना प्रशासन की अनुमति के जनसभा की।
आदर्श चुनाव आचार संहिता और कोरोना महामारी के नियमों का उल्लंघन किया। जमानत कराने के बाद नही आने के कारण कोर्ट ने हाजिरी के लिए आरोपियों को अंतिम मौका दिया था। गुरुवार को पूर्व विधायक संतोष पांडेय, उनके समर्थक परमात्मा यादव, समेत दर्जनभर अन्य आरोपियों पर कोर्ट ने आरोप तय किया जिन्होंने आरोपों से इनकार किया और मुकदमे के विचारण की मांग की। कोर्ट ने अगली सुनवाई साक्ष्य के लिए नियत की है।
यह भी पढ़ें; 47 आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में पीएसपी मॉड्यूल से कौशल विकास करेगी योगी सरकार, युवाओं को होगा यह लाभ
