बाराबंकी : आपात स्थिति से निपटने को तैयार हो रही पुलिस, उपकरणों को किया चेक
बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनावों से पूर्व जिले में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में पुलिस अधिकारी लग गए हैं। पूर्व में हुई चुनावी संघर्ष की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अराजकतत्वों की पहचान कर उन्हें पाबंद किया गया है। अभियान चलाकर मिलावटी शराब और अवैध असलहे बरामद किये गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस तैयार है। इसको लेकर असलहों और दंगा नियंत्रण यंत्रों की साफ- सफाई कर उनको चेक किया गया।
जिले में एसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर गुरूवार को अभियान चलाकर पुलिस लाइन, थाना व चौकी के साथ कार्यालय में साफ- सफाई की गई। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने-अपने थाना परिसर कार्यालय, भोजनालय, आवासीय परिसर के साथ शास्त्रागार की साफ- सफाई की।

वहीं आपात स्थिति से निपटने को लेकर शस्त्र व दंगा नियंत्रण उपकरणों को मालखाने से निकालकर साफ- सफाई की गई। शस्त्रों व उपकरणों की अधिकारियों ने जांच की। पब्लिक एड्रेस सिस्टम की भी साफ- सफाई के बाद उसे चेक किया गया। पुलिस लाइन में एएसपी उत्तरी चिरंजीव नाथ सिंहा, सीओ लाइन जगत कनौजिया व प्रतिसार निरीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने शस्त्र व दंगा नियंत्रण उपकरणों की जांच की।
