कुपोषण से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं श्रीअन्न : DM गोंडा
जनपद स्तरीय कार्यशाला में किसानों को दी गयी श्री अन्न की जानकारी
गोंडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए डीएम ने कहा कि कुपोषण से छुटकारा पाना है तो अपने आहार में श्री अन्न का उपयोग बढ़ाना होगा। कार्याशाला के पहले दिन जनपद स्तरीय प्रदर्शन एवं रोड शो कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। इस रोड शो को जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम व सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने किसानों को श्री अन्न की फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
टाउन हॉल में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने श्री अन्न की फसलों के पोषकीय महत्व के संबंध में चर्चा करते हुए किसानों को इसके उत्पादन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कुपोषण की समस्या से छुटकारा पाने के लिए श्री अन्न से बने हुए खाद्य पदार्थों को अपने आहार में सम्मिलित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने किसानों का आह्वान किया कि वह मिलेट्स से बने खाद्य पदार्थों को अपने आहार में अवश्य शामिल करें क्योंकि यह कार्बोहाइड्रेट के साथ ही साथ कैल्शियम, पोटेशियम आदि मिनरल्स से भरपूर होने के कारण सुपर फूड के नाम से जाने जाते हैं। उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने किसानों को मिलेट्स की फसलों से होने वाले लाभ के विषय में बताते हुए उनसे आग्रह किया कि वे जनपद में फिर से श्री अन्न के फसलों की खेती का रकबा बढ़ाएं।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वैज्ञानिक डॉ० राम लखन सिंह ने मिलेट्स फसलों के उत्पादन तकनीक के विषय में चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक आरपीएन सिंह ने किया। इस अवसर पर भूमि संरक्षण अधिकारी पारसराम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -मनमोहन की तारीफ पर खड़गे ने जताया PM मोदी का आभार, अच्छे कामों की सराहना का दिया सुझाव
