आगरा : ट्रेन की चपेट में आईं दो महिलाएं, एक की मौत
आगरा, अमृत विचार। यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को गंभीर हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार कर रही दो महिलाएं ट्रेन की चपेट में आ गई। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर है। जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई है।
आरपीएफ चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना सुबह साढे़ नौ बजे के आसपास की है। मरुधर एक्सप्रेस स्टेशन पर आ रही थी। तभी दो महिलाएं सना और मधु अलग-अलग रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। वो ट्रेन की गति को भांप नहीं पाई और ट्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रेन से टकराकर काफी दूर जाकर गिरीं।
हादसे में एत्माद्दौला के अब्बास नगर की रहने वाली सना की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि वो फोन पर बात करते हुए जा रही थी। उसका ध्यान ट्रेन पर नहीं था। जबकि सुशील नगर की रहने वाली मधु गंभीर रूप से घायल हो गई। सना स्टेशन के पास की रहने वाली है। मौके पर उसके परिजन आ गए। वो शव को अपने साथ ले गए। मधु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है।हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर लोगों की भीड़ लग गई। बताया गया है कि दोनों किसी फैक्ट्री में काम करती थीं।
ये भी पढ़ें -आगरा में पुलिस ने पकड़ी नकली पान मसाले की फैक्ट्री, जीजा और साला मिलकर कर रहे थे ये गोरखधंधा
