गोंडा: मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने सरयू में लगाई आस्था की डुबकी, मेले में की खरीदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। मौनी अमावस्या के पर्व पर शुक्रवार को सरयू घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई और स्नान के बाद गरीबों में तिल व चावल का दान कर पुण्य अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में जमकर खरीदारी की।

मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है‌। अगर किसी कारण से गंगा स्नान संभव न हो तो आस पास के पवित्र नदियों सरोवरों में भी स्नान का विधान है‌। शुक्रवार को मौनी अमावस्या के पर्व पर  करनैलगंज के कटरा घाट स्थित सरयू तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया। यहां सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ता गया स्नानार्थियों की संख्या भी बढ़ती गई।

cats08

सरयू स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट के पंडों को तिल, चावल और मुद्रा का दान करके पुण्य अर्जित किया। स्नान करने वालों में महिलाएं बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल रहे। सभी ने स्नान करने के बाद कटरा घाट स्थित संतेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। इस मौके पर मेले का भी आयोजन किया जिसमें घाट के आस पास बाजार व दूर दराज से आये दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा रखी थी। जहां महिलाओं ने मिठाई, गृहस्थी व सौंदर्य सामग्री की जमकर खरीदारी की।

वहीं कटरा शहबाजपुर घाट, सकरौरा घाट, कचनापुर घाट, यमदुतिया घाट, जम्बूघाट भौरीगंज घाट व पसका घाट सहित अन्य सरयू घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजन अर्चन किया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम दिखाई दिया। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़, एसएसआई राम प्रकाश चंद्र पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

यह भी पढ़ें:-Mauni Amavasya: मौनी अमावस्या: संगम में उमड़ा जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई अस्था की डुबकी, मुस्तैद रही पुलिस

 

संबंधित समाचार