गोंडा: गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां बनी काल, लील रही लोगों की जिंदगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओवरलोडेड गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्रालियों ने चार दिन में ली 7 लोगों की जान, जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों ने सड़क सुरक्षा पर खड़े किए सवाल 

उमानाथ तिवारी/गोंडा, अमृत विचार। चीनी मिलों के ओवरलोडेड ट्रक और ट्राले राहगीरों के लिए काल बन गए हैं और सड़क पर लोगों की जिंदगी लील रहे हैं। पिछले चार दिनों में इन ट्रैक्टर ट्रालियों ने जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले 7 लोगों की जान ले ली है।

आए दिन हो रहे इन हादसों ने परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है‌। चीनी मिलों के ओवरलोडेड ट्रक और ट्राले बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं और जिम्मेदार अफसर इन पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहे हैं। हालांकि परिवहन विभाग के अधिकारी लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाने और वाहन चालकों को जागरुक करने का दावा कर रहे हैं लेकिन उनका दावा हवा हवाई साबित हो रहा है‌। 

केस एक- तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने छीन लिया परिवार का मुखिया

कटरा बाजार थाना क्षेत्र के मुराइन पुरवा‌ नरायनपुर कला निवासी रामरूप मौर्या (58) 6 फरवरी की शाम को पयागपुर से अपने घर नरायनपुर कला की तरफ जा रहे थे,तभी रास्ते में दुबहा बाजार चौकी क्षेत्र के पयागपुर जाने वाले मार्ग पर झौंनहा गांव के पास गन्ना लदे एक ट्रैक्टर ट्राले ने रामरूप की बाइक में ठोकर मार दी और उसे कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार रामरूप की मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक रामरूप बेटी की शादी की तलाश में गए थे लेकिन रास्ते में ट्रैक्टर ट्राली उनके लिए काल बन गयी और एक परिवार ने अपने मुखिया को खो दिया।

cats.06

केस दो-  अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की ठोकर से युवक की मौत

कौड़िया थाना क्षेत्र के गोपालजोत धर्मपुर निवासी रामनाथ राजपूत (30) साइकिल से दुबहा बाजार से अपने गांव गोपालजोत जा रहा था कि गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने पर गंभीर रूप से घायल हो गया।‌ उसे इलाज के लिए सीएचसी कटरा बाजार भेजा गया जहां चिकित्सकों ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया। 

केस- तीन- बाइक सवार महिला को ट्रैक्टर ट्राली ने रौंदा

खरगूपुर थाना क्षेत्र के निधिनगर गांव निवासी बाइक चालक विनोद यादव 5 फरवरी को अपनी मां उर्मिला देवी व बेटी ममता को बाइक से लेकर जा रहा था तभी अचलनगर गांव ते समीप एक गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। इस हादसे में वह तो बच गया लेकिन उसकी मां उर्मिला देवी की मौत हो गयी थी। जबकि उसकी बेटी ममता घायल है और उसका इलाज चल रहा है‌। 

केस चार- गन्ना लदे ट्रक ने बुझा दिया दो घरों का चिराग

4 फरवरी को गन्ना लदे ट्रक ने दो घरों का चिराग बुझा दिया। जिले के खोंडारे थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी शिवलाल पुत्र पलटू राम (29) अपने दोस्त संजय वर्मा पुत्र राम रतन वर्मा निवासी सोनहटी थाना पैकोलिया जनपद बस्ती के साथ रविवार की शाम को बाइक से किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था‌। रात करीब 12 बजे दोनो बभनान हर्रैया मार्ग से वापस गांव लौट रहे थे। रास्ते में पैकोलिया गांव के समीप गन्ना लादकर सड़क पर खड़े ट्रक को वह कोहरे के चलते वह देख नहीं सके और उनकी बाइक ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में शिव लाल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।

केस पांच- अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने मासूम से मां-भाई को छीना

4 फरवरी को गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली ने एक मासूम बच्ची से उसकी मां और भाई को छीन लिया। इटियाथोक थाना क्षेत्र के सेखुई गांव की रहने वाली 6 साल की प्रियांशी अपनी मां वर्षा (30)व तीन साल का भाई ऋषभ के साथ अपने मामा के घर छजवा जा रही थी। मामा के घर से कुछ ही दूर पर बनगाई चौराहे के समीप एक गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली ने सभी को रौंद डाला। इस हादसे प्रियांशी के मां और भाई की मौत हो गयी जबकि वह अस्पताल में है। 

जिले में अभियान चलाकर दो हजार से अधिक ट्रैक्टर ट्रालियों में रिफ्लेक्टर लगवाया गया है‌ और  वाहन चालकों को लगातार जागरुक भी किया जा रहा है‌। ओवरलोड मिलने पर उनका चालान भी किया गया है‌। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों का चालान किया जायेगा...शैलेंद्र तिवारी, एआरटीओ प्रवर्तन।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: सुबह से बत्ती गुल होने के कारण कई मोहल्लों में गहराया पानी का संकट

संबंधित समाचार