आगरा : हाउस टैक्स बकाया होने पर घर में खड़ी स्कूटी को सील कर आए निगम कर्मी, पार्षद ने दी बड़ी चेतावनी
आगरा, अमृत विचार। नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली के लिए अजीबोगरीब कारनामा कर दिया। 22 गज के मकान पर 1.25 लाख का बकाया दर्शा दिया। जब वह हाउस टैक्स जमा नहीं कर सका हो उसके घर पर खड़ी स्कूटी को सील कर आए। मजदूरी करने वाले गृहस्वामी ने जब स्थानीय पार्षद से इसकी शिकायत की तो पार्षद ने नगरायुक्त को मामले से अवगत कराय। इस पर आयुक्त ने स्कूटी को तो सील मुक्त करवा दिया, लेकिन 22 गज के मकान पर 1.25 का हाउस टैक्स अभी से छुटकारा नहीं मिला है।
ये मामला लोहामंडी क्षेत्र के तोता के ताल का है। मकान संख्या 39/9 सोनू माहौर का है। जो कि केवल 22 गज का है। मकान केवल एक कमरे का है। नगर निगम में ये मकान लोकराम के नाम से दर्ज है। नगर निगम की संपत्ति कर विभाग टीम ने सोनू से बकाया जमा कराने के लिए कहा जिस पर उसने टैक्स को ठीक करने और आधी रकम दूसरे हिस्से से लेने की बात कही, लेकिन टीम सोनू की स्कूटी को सील लगा दी। निगमकर्मी ने स्कूटी के हैंडिल पर कपड़ा और टेप लगाकर सील कर दिया। जब मामला गर्माया तो देर रात सोनू की गाड़ी पर लगाई सील हटा दी।
टैक्स 5 गुना बढ़ाने का आरोप
नगर निगम के संपत्ति विभाग से रिटायर्ड अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार 22 गज के मकान का सालाना हाउस टैक्स 100 से 125 के बीच होना चाहिए अगर असेसमेंट पुराना है तो और भी कम होगा। ये टैक्स 4 से 5 गुना बढ़ा हुआ है। स्थानीय पार्षद शरद चौहान का कहना है कि गरीबों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसकी शिकायत नगरायुक्त से की है।
मनमाने बिल भेजकर करते हैं सेटिंग
नगर निगम संपत्ति विभाग में सेटिंग का खेल चल रहा है। मनमाने ढंग से लोगों को हाउस टैक्स बनाते हैं। फिर उसे कम करने के नाम पर वसूली का खेल किया जाता है। ऐसे ही एक मामले में आरआई शिप्रा गुप्ता को विजीलेंस टीम ने एक लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। वह कमला नगर के व्यक्ति से टैक्स कम करने के एवज में रुपये मांग रही थी। पार्षद प्रदीप अग्रवाल, प्रकाश केसवानी, गजेंद्र पिप्पल का कहना है कि संपत्ति विभाग के कर अधिकारी अवैध उगाही में लगे हैं। अगर लोगों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे।
ये भी पढ़ें -चौधरी चरण सिंह, पूर्व पीएम नरसिम्हा राव और एम एस स्वामिनाथन को मिलेगा भारत रत्न, PM मोदी ने किया ऐलान
