Hamirpur News: पेड़ से लटकता मिला युवक का शव… परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या करने का लगाया आरोप
हमीरपुर में युवक का शव पेड़ से लटकता मिला
हमीरपुर में संदिग्ध हालात में युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
हमीरपुर, मौदहा, अमृत विचार। ससुराल आए युवक का संदिग्ध हालत में गांव के बाहर पेड़ से फांसी के फंदे पर शव लटकता मिला। जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिलसरस निवासी भगवानदीन ने बताया कि उसने अपनी बेटी कुंती की शादी 12 वर्ष पूर्व महोबा जनपद के अजनर थाने के बुधवारा गांव निवासी मनोज (35) पुत्र मूल चंद के साथ की थी। बताया की शादी के कुछ दिन बाद से ही पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। दामाद शराब का लती होने की वजह से उसकी बेटी के साथ मारपीट करने लगा।
जिसकी महोबा के पुलिस अधीक्षक को एक बार शिकायत भी की थी। इसके बाद लड़की मायके चली आई। फिर पंचायत के बाद उसे ससुराल भेजा। इस दौरान उसके तीन बच्चे बड़ी बेटी 8 तथा दो पुत्र 5 वर्ष व 3 वर्ष के हैं। बीते करीब सवा माह से वह मायके में है। कुंती के चाचा चुन्नू ने बताया कि गुरुवार को मनोज अपने बाबा मुन्ना के साथ गांव आया था। वह अपने बड़े भाई की ससुराल में रुका था।
वह भतीजी कुंती ने शराब के नशे में आकर लड़ता झगड़ता रहा और उसके साथ गाली गलौज कर चला गया। रात में उसकी खोजबीन की गई। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सुबह परछछ से तिलसरस गांव आ रहे आटो वाले ने बताया की बाहर गांव एक युवक का शव पेड़ से लटका है। मौके पर पहुंचे तो वह मनोज का शव था।
कोतवाली पुलिस व उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। जिस पर उसका भाई भाई विनोद अपनी मां व परिजनों को लेकर पहुंचा। मृतक के भाई विनोद ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया। उधर कोतवाल आरके सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर आने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- हल्द्वानी: बनभूलपुरा में आज छिटपुट पथराव, कोतवाली से पुलिस की टुकड़ी को किया गया रवाना
