Etawah News: राजस्थान में सड़क दुर्घटना में भरथना के युवक की मौत; परिजनों में मचा कोहराम...
इटावा, अमृत विचार। भरथना कोतवाली ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम पालीखुर्द पंचायत के नगला चुन्नी की मड़ैया में एक कृषक के परिजनों में बीते दिन उस समय कोहराम मच गया जब राजस्थान के भीलभाड़ा में घटित हुई एक सड़क दुर्घटना में कृषक पुत्र की दर्दनाक मौत हो जाने की सूचना प्राप्त हुई। राजस्थान से गांव में शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि परिजनों ने मृतक के शव का शुक्रवार की सुबह अन्तिम संस्कार कर दिया।
गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य रामजनक यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम नगला चुन्नी की मडैया निवासी रजनीश कुमार राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित एक सूत मिल में मजदूरी करता था। वह 10 दिन पूर्व ही घर से मजदूरी करने भीलवाड़ा गया था। बुधवार को होटल पर खाना खाकर अपने कमरे पर वापस लौटते समय सड़क के किनारे पैदल जा रहा था।
तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने लापरवाही से चलते हुए रजनीश कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, वहां मौजूद आसपास के लोग रजनीश को पास के ही अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने रजनीश को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही उनके परिजन राजस्थान भीलवाड़ा पहुंचे और शुक्रवार को मृतक रजनीश का शव गांव नगला चुन्नी की मड़ैया लाया गया।
गांव में मृतक का शव पहुंचते ही पिता महेश चंद, मां राजेंद्र देवी, भाई अवनीश कुमार, मनीष कुमार बहिन स्नेहलता व पुष्पलता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दुर्घटना में युवक की दुखद मौत की खबर मिलते ही पूर्व विधायक व सर्जन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद यादव ने पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया है।
