अयोध्या: देश-विदेश के 50 नामचीन चिकित्सकों ने किया रामलला का दर्शन
अयोध्या, अमृत विचार। रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद देश-विदेश में बैठा हर एक श्रद्धालु अयोध्या आने को व्याकुल है। रामनगरी में आए दिन राजनेता व फिल्म स्टार्स का जमावड़ा लगा रहता है। इसी क्रम में शनिवार को देश-विदेश के 50 नामचीन चिकित्सकों का दल अयोध्या पहुंचा। शहर के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.केएस मिश्र के संयोजन में सभी ने रामलला का दर्शन किया।
डॉ. केएस मिश्रा ने बताया की करीब 50 की संख्या में पहुंचे चिकित्सकों में यूएसए, मलेशिया व फ्रांस के भी चिकित्सक शामिल थे। उन्होंने बताया कि सभी चिकित्सक बीएचयू में मेडिकल के 1971 बैच के पुरातन विद्यार्थी थे, जिन्होंने एक साथ मिलने के लिए रामलला का मंदिर चुना। सभी दर्शन के बाद निहाल दिखे। बोले- राममंदिर दुनिया के बेहतरीन मंदिरों में से एक है।
इस दौरान सभी चिकित्सकों ने एक दूसरे के साथ तस्वीरें भी खिचवाई और सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल पुरानी यादें सांझा की। बीएचयू के रिटायर्ड वाइस चांसलर प्रोफेसर वीके शुक्ल, दिल्ली के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रधान, मेदांता के चीफ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. एके टक्कर, यूएसए की डॉ. माला, मलेशिया से डॉ. कुलवंत सिंह, बीएचयू आईएमएस के सर्जरी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर एके खन्ना, बेंगलुरु के कार्डियो सर्जन डॉ. नागर समेत अन्य चिकित्सक अयोध्या पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें:-अलविदा: बहराइच-नेपालगंज मीटर गेज लाइन पर अंतिम बार रवाना हुई ट्रेन, फूल मालाओं से सजाया गया इंजन, भावुक हुए यात्री
