लखनऊ में समाजवादी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
लखनऊ, अमृत विचार। पूर्वी विधानसभा में समाजवादी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें समाजवादी विचारधारा को बढ़ाने में संघर्षरत समाजवादी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। भूतनाथ स्थित एक निजी होटल में समाजवादी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ मध्य से विधायक एवं लखनऊ लोकसभा से सपा प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित उपस्थित रहे।
विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि वर्तमान में महंगाई, बेरोजगारी से जनता त्रस्त है। तानाशाही चरम पर है। छोटे व्यापारी, किसान सब परेशान हैं। स्मार्ट सिटी के नाम पर केवल लूट मची है। लखनऊ प्रदेश की राजधानी है लेकिन यहाँ स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को केवल और केवल धोखा दिया जा रहा है। जिसके खिलाफ समाजवादी कार्यकर्ता लगातार जनता के हित की आवाज उठा रहे हैं। इसलिए सपा प्रवक्ता डॉक्टर आशुतोष वर्मा ने समाजवादी कार्यकर्ता समारोह का जो आयोजन किया है, वह सराहनीय है।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। भाजपा सरकार के तानाशाही दौर में जमीन पर जनता के लिए जिस मेहनत से समाजवादी जनता की आवाज़ उठा रहे हैं, वह सराहनीय है। जब कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद रहेगा, तभी हम सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ आवाज उठा पाएँगे। डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि लखनऊ पूर्वी विधानसभा के जाँबाज कार्यकर्ता के परिश्रम को सलाम है। मैं अपने समाजवादी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार जनता के हक की आवाज उठा रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर मध्य विधानसभा के विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व विधायक गोमती यादव, नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, कार्यक्रम आयोजक डॉ. आशुतोष वर्मा सहित लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के तमाम समाजवादी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : मेदांता अस्पताल : इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, शव का एक हिस्सा जला, पुलिस जांच में जुटी
