बरेली: खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग से दो झुलसे, मोबाइल दुकान में आग से लाखों का नुकसान
बरेली, अमृत विचार : रोडवेज के बुकिंग क्लर्क के क्वार्टर में खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई, जिससे कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। आग बुझाने के प्रयास में बुकिंग क्लर्क और उनके बेटे के हाथ झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिलेंडर मकान से बाहर निकालकर मिट्टी डालकर आग बुझाई।
कानपुर के किदवई नगर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन साल से बरेली रोडवेज में बुकिंग क्लर्क के पद पर तैनात हैं। वह रोडवेज वर्कशॉप के पास स्थित रोडवेज क्वार्टर में तीसरी मंजिल पर रहते हैं। शनिवार को रात नौ बजे के करीब उनकी पत्नी सीमा रसोई में खाना बनाने के लिए गईं थी।
जैसे ही सीमा ने सिलेंडर का रेग्युलेटर ऑन किया, वैसे ही आग लग गई। अनिल व उनके बेटे अमन ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उनके हाथ झुलस गए। आग की सूचना पर चीता माेबाइल और पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और सिलेंडर नीचे उतारकर मिट्टी आदि डालकर आग बुझाई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। आग की सूचना पर क्वार्टर्स में रह रहे कर्मचारियों के परिवारों में अफरा तफरी मच गई।
मोबाइल दुकान में आग : राजेन्द्र नगर में शुक्रवार देर रात मोबाइल की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
परतापुर चौधरी निवासी मोहम्मद कालिम ने बताया कि शुक्रवार रात पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि दुकान में आग लग गई है। मौके पर जाकर देखा तो आग की लपटें बाहर की ओर निकल रहीं थी। मोहम्मद कालिम ने बताया कि आग लगने से उनका करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: बड़ा बाईपास पर बिलवा ओवरब्रिज के पास कार बनी आग का गोला, सवारों ने भागकर बचाई जान
