लखीमपुर खीरी: निघासन में करोड़ों की लागत से निर्मित पर्यटक सुविधा केंद्र महज शो-पीस बनकर रह गया
सालों पहले एयर कंडीशन लगवाकर लाखों उड़ाए, लेकिन बिजली कनेक्शन अभी तक नहीं करवा पाए
शिवआसरे गुप्ता/आरपी सिंह निघासन/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जनपद में अधिकारियों द्वारा पर्यटन उद्योग को झटका देने का सिलसिला बताता है कि कैसे पर्यटक सुविधा केंद्रों को बदहाल स्थिति में बनाए रखने का कारनामा किया गया है। बिजुआ में निर्माण शुरू होने के बाद ठप पड़े पर्यटक सुविधा केंद्र में कार्यदाई संस्था ने सरकार को लाखों को चूना लगाया ही, लेकिन दूसरी तस्वीर निघासन में सिंगाही रोड पर करोड़ों की लागत से बनाए गए पर्यटक सुविधा केंद्र की भी सामने आ आई है।
करीब 12 सालों तक चले निर्माण कार्य के बाद भी यह पर्यटक सुविधा केंद्र अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम द्वारा इसे पर्यटन विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। लाखों खर्च करके एयर कंडीशन लगवा दिए गए, लेकिन जिम्मेदार लोग अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं करा पाए है। मतलब एयर कंडीशन खरीद कर कमीशन का बंदरबाट पहले कर लिया गया, जिसके बाद बिजली कनेक्शन कराने के लिए बजट ही नहीं बचा।

बता दें कि जनपद में दुधवा नेशनल पार्क घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को ठहरने के लिए होटल जैसी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 12 साल पहले चार स्थानों पर पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए थे, जिसमें पलिया में टाइगर डैन, रवहीं, सिंगाही रोड निघासन और बिजुआ में पर्यटक सुविधा केंद्र बनाए जाने थे। तत्कालीन सरकार ने इनके निर्माण के लिए चार-चार करोड़ रूपये बजट स्वीकृत किया था। पर्यटन विभाग की देखरेख में पर्यटक सुविधा केंद्र बनाने की जिम्मेदारी कार्यदाई संस्था राजकीय निर्माण निगम को दी गई थी।
इसके बाद कार्यदाई संस्था ने पलिया, निघासन और रवहीं में पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण कराया, जिसमें निघासन का पर्यटक सुविधा केंद्र कुछ कमियां होने की वजह से हैंडओवर नहीं हुआ है। जबकि पलिया और रवही के पर्यटक सुविधा केंद्र करीब एक साल पहले पर्यटन विभाग को हैंडओवर किए गए हैं। विभागीय सूत्र बताते हैं कि पर्यटकों के ठहरने के लिहाज से कमरे निर्माण, पानी की टंकी समेत ज्यादातर कार्य हो चुके हैं। सभी कमरों में लाखों की लागत से एअर कंडीशन भी लगवाए जा चुके हैं, लेकिन बिजली कनेक्शन अभी तक नहीं कराया गया है।
इसके अलावा कुछ अन्य तकनीकी कमियां भी बताई जा रही है, लेकिन संबंधित अधिकारी सालों पुराना मामला होने का हवाला देकर इस संबंध में सटीक जानकारी देने से बच रहे हैं। वहीं लोगों की नजर में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी इसका उपयोग नहीं होने से क्षेत्रवासियों में मायूसी है, क्योंकि इसके प्रारंभ होने पर टूरिस्ट ठहरने से आसपास के लोगों को फायदा मिलता।
सीएम योगी के फरमान का भी अफसरों ने नहीं रखा मान
बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पहले कार्यकाल (2017 से 2022 तक) के दौरान दुधवा नेशनल पार्क का दौरा किया था, तब उन्होंने लखीमपुर के तराई क्षेत्र में पर्यटन उद्योग की असीम संभावनाओं का जिक्र करते हुए कई घोषणाएं भी की थी। इन घोषणाओं में बाहर से आने वाले पर्यटकों को ठहरने से लेकर क्षेत्र भ्रमण के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का फरमान जारी किया था। इसके बाद समय बीतता रहा, लेकिन अफसरों ने पर्यटन उद्योग को विकसित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। निघासन में शो-पीस बने पर्यटक सुविधा केंद्र की जानकारी आला अफसरों को भी है, लेकिन उनके द्वारा भी कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों को कब से उम्मीदें आखिर कब होगी पूरी
नगर की महिला समाजसेवी ऊषा दीक्षित बताती है कि नगर के सिंगाही रोड पर स्थित बना पर्यटक सुविधा केंद्र पर्यटकों के लिए अत्यधिक सुविधा जनक है, लेकिन यह कई सालों से निष्प्रयोज्य पड़ा है। जो क्षेत्रवासियों के लिए घोर पीड़ादायक है। इसके चालू होने पर नगर का विकास भी होगा और बाहर से पर्यटकों के आकर यहां ठहरने से व्यापार बढ़ेगा।
सभासद महेश कनौजिया कहते हैं पर्यटक सुविधा केंद्र चालू होने से क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में व्यापार पर भी इसका अच्छा असर पड़ेगा। सरकार की भी आमदनी होगी। लेकिन अधिकारियों की लाल फीताशाही के कारण यह चालू नहीं हो पा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बद्री प्रसाद मौर्य बताते हैं लगभग 12 वर्ष में बना यह पर्यटक सुविधा केंद्र को शीघ्र चालू किया जाना चाहिए। इसके लिए प्रशासन से मांग की गई है। इसके चालू होने पर क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलेगा।
अधिवक्ता रामकृष्ण चतुर्वेदी कहते हैं कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार का सराहनीय कदम है। इस पहल से नगर निघासन का भी विकास होगा, बल्कि आने जाने वाले पर्यटकों से नगर भी गुलजार होगा। इस पर्यटक सुविधा केन्द्र में कैन्टीन के अलावा ठहरने के लिए कमरे और फाइव स्टार होटल जैसी सुविधा का इंतजाम किया गया है। इसलिए इसे जल्द चालू किया जाना चाहिए।
निघासन में पर्यटक सुविधा केंद्र लगभग बनकर तैयार है। कार्यदाई संस्था द्वारा अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया है, जिससे इसमें यात्रियों को ठहराया नहीं जा सकता है। इसलिए अभी भवन को हैंडओवर नहीं किया गया है। कार्यदाई संस्था द्वारा रिवाइज स्टीमेट भेजकर धनराशि की डिमांड की गई है, जिससे बिजली कनेक्शसन समेत अन्य छिटपुट कमियों को दुरूस्त कराया जाएगा। तभी भवन को हैंडओवर करके पर्यटकों के लिए खोला जाएगा- डॉ कल्याण सिंह यादव, उप निदेशक पर्यटन।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: रमेश यादव हत्याकांड के दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन लोगों की तलाश जारी
