मुरादाबाद: यूपी पुलिस में शामिल हुए 30 डीएसपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में शनिवार को 30 प्रशिक्षु डीएसपी व 29 एपीओ की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। भव्य तरीके से हुई इस परेड की सलामी डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह ने ली। बाद में उन्होंने सभी को कर्तव्य के प्रति निष्ठा और अनुशासन की शपथ दिलाई। करीब सवा साल …

मुरादाबाद,अमृत विचार। डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में शनिवार को 30 प्रशिक्षु डीएसपी व 29 एपीओ की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। भव्य तरीके से हुई इस परेड की सलामी डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह ने ली। बाद में उन्होंने सभी को कर्तव्य के प्रति निष्ठा और अनुशासन की शपथ दिलाई। करीब सवा साल तक चले प्रशिक्षण में अलीगढ़ के दरवेश कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। जबकि बदायूं की एपीओ विपर्णा गौड़ को प्रशिक्षण में पहला स्थान मिला। मुख्य अतिथि ने सभी को पुरस्कृत कर हौसला आफजाई की।

भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में 42 डीएसपी करीब सवा साल से प्रशिक्षण हासिल कर रहे थे। जबकि सहायक अभियोजन अधिकारी के 30 प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जा रही थी। प्रशिक्षण अवधि पूरी होने के बाद तीन अक्टूबर को दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया था। जिसमें 30 डीएसपी और 29 एपीओ शामिल हुए। जबकि देरी से आने के कारण 12 डीएसपी का प्रशिक्षण अभी पूरा नहीं हो सका है। पहले इस भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ के आने के संकेत मिले थे, जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी पूरी कर ली गई थी। हालांकि शुक्रवार की शाम उनका कार्यक्रम रद हो गया।

कदमताल मिलाकर ली कर्तव्य निष्ठा की शपथ
सीएम का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सुबह करीब साढ़े नौ बजे दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। मैदान पर प्रशिक्षु डिप्टी एसपी की जबरदस्त कदमताल देखते बन रही थी। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग भी उनका तालियां बजाकर उत्साह बढ़ा रहे थे। मुख्य अतिथि ने कर्तव्य निष्ठा व अनुशासन की शपथ दिलाई। इस मौके पर अकाडमी के एडीजी राजीव कृष्ण, एडीजी पीटीसी बृजराज मीणा, आईजी रमित शर्मा, डीआईजी अकादमी पूनम श्रीवास्तव, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, नगर विधायक रीतेश गुप्ता और बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

साइबर क्राइम रोकने के भी दिए टिप्स
मुरादाबाद। करीब सवा साल तक चले प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी को इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, घुड़सवारी, जंगल ट्रेनिंग, अचानक होने वाले हमलों से बचने और साइबर क्राइम को रोकने के साथ करीब 20 विषयों पर एक्सपर्ट ने ट्रेनिंग दी। इस दफा सबसे अलग साइबर क्राइम को रोकने का प्रशिक्षण रहा, जो पहली दफा दिया गया। दिल्ली से अनुज कुमार के नेतृत्व में आई टीम ने करीब दो हफ्तों तक सभी को साइबर क्राइम की बारीकियों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम होने पर क्या कदम उठाने चाहिए, इस पर भी विस्तार से बताया।

लाकडाउन लगा तो नेट को बनाया जरिया
अकादमी के एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि प्रशिक्षण की अवधि के दौरान लाकडाउन लग गया। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती कोविड-19 के नियमों का पालन करने के साथ ही समय से प्रशिक्षण पूरा कराना था। इसके लिए इंटरनेट का सहारा लिया गया, कई विषयों की ट्रेनिंग वर्चुअल क्लासेस के जरिए दी गई। यही वजह रही कि समय से प्रशिक्षण पूरा हो सका।

संबंधित समाचार