अमरोहा: खुलासा...संपत्ति के लालच में बेटे ने पत्नी और नौकर के साथ मिलकर की थी पिता व बहन की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस को बताया कि मुस्लिम महिला से शादी कर संपत्ति उसके नाम करने वाले थे

अमरोहा, अमृत विचार। संपत्ति  के लालच में बेटे ने पत्नी और नौकर के साथ मिलकर पिता सर्राफा कारोबारी और बहन की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी बेटे, उसकी पत्नी और नौकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बेटे और उसके नौकर ने दरांती से गला रेतकर दोनों की हत्या की है।

पूछताछ में बेटे इशांक ने पुलिस को बताया कि पिता के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। मुस्लिम महिला से शादी कर संपत्ति उसके नाम करने वाले थे।  अपनी पुत्रवधु  पर भी बुरी नजर रखते थे। पिता की इन्हीं हरकतों से तंग आकर उसने हत्या की योजना बनाई। बीच बचाव करने आई बहन को भी मारना पड़ा । पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रविवार को एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने नगर कोतवाली में दोहरे हत्याकांड  का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा गुलाम में रहने वाले 67 वर्षीय सर्राफा कारोबारी योगेश चन्द्र अग्रवाल और उनकी 27 वर्षीय दत्तक पुत्री सृष्टि की घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव घर में लहूलुहान हालत में पड़े मिले थे। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि इस बीच पुलिस को घर में ऊपर  जाने वाली सीढ़ियों पर खून की बूंदे मिलीं। 

इस पर पुलिस को शक हुआ  कि हत्यारोपी घटना को अंजाम देकर सीढ़ियों से ऊपर गए हैं, लेकिन ऊपर मृतक कारोबारी का बेटा इशांक अपनी पत्नी मानसी और बेटे आयुष के साथ रहता था। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के बेटे को  हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की योजना से लेकर वजह तक का खुलासा कर दिया। 

पुलिस के मुताबिक योगेश चंद अग्रवाल ने गोद ली बेटी मृतका सृष्टि के नाम हाल ही में  मकान का आधा हिस्सा कर दिया था। वह उसकी पढ़ाई लिखाई में भी ज्यादा खर्च करते थे। वह एक मुस्लिम महिला से भी जल्द शादी करना चाहते थे। इसके अलावा कई और महिलाओं का भी घर में आना -जाना था। पुत्रवधु पर गलत नजर रखने लगे थे।  पुलिस पूछताछ में बेटे ने बताया कि उसने कई बार अपने पिता को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। यहां तक कि पिता ने खुद की शादी के लिए अखबार व कई सोशल साइट का सहारा लिया था। इसके बाद बेटे ने पिता को मारने की साजिश रची। 

साजिश के तहत उसने अपनी दिल्ली फैक्ट्री में काम करने वाले नौकर अनिल गंगवार पुत्र तोताराम निवासी बरेली को अपने घर बुलाया और अपनी पत्नी और नौकर को साथ लेकर पिता की दरांती से गर्दन काट दी, लेकिन उसी दौरान कमरे में सो रही बहन सृष्टि जाग गई और मौके पर आ गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर सृष्टि की भी गला रेत कर हत्या कर दी। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे इशांक अग्रवाल,  मानसी अग्रवाल पत्नी इशांक अग्रवाल निवासी मोहल्ला कटरा गुलाम अली व नौकर अनिल गंगवार निवासी जोरा मकरन्दपुर थाना नवाबगंज जनपद बरेली को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें- अमरोहा में डबल मर्डर से सनसनी, धारदार हथियार से वार कर पिता-पुत्री की हत्या...डीआईजी-एसपी ने किया मौका मुआयना

संबंधित समाचार